ऋषिकेश: गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी न हो, इसको लेकर शासन-प्रशासन की तरफ से काफी सख्ती की गई है, फिर भी कुछ लोग अपनी हरकतों से बाच नहीं आ रहे है और गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी कर मोटा मुनाफ कमाने की जुगाड़ में लगे हुए है. इसी तरह के एक मामला देहरादून जिले के ऋषिकेश से सामने आया है, जहां से भारी मात्रा में कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं. सभी गैस सिलेंडर को पूर्ति विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है.
दरअसल, पुलिस और पूर्ति विभाग को जानकारी मिली थी कि ऋषिकेश में श्यामपुर के पास लक्कड़घट क्षेत्र में स्थित एक दुकान में बड़ी संख्या में कमर्शियल गैस सिलेंडर रखे हुए है. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस, तहसील प्रशासन और पूर्ति विभाग की टीम मौके पर पहुंची.
मौके पर मौजूद पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने मकान मालिक से किराएदार की जानकारी मांगी तो वो आनाकानी करने लगा. इसके बाद वीडियो ग्राफी करते हुए प्रशासन ने दुकान का ताला तोड़ दिया, दुकान का ताला टूटते ही अंदर का जो नजारा देखने को मिला, उसने अधिकारियों को होश उड़ा दिए. क्योंकि दुकान के अंदर एक दो नहीं बल्कि 135 कमर्शियल गैस के खाली सिलेंडर देखे गए.
प्रशासन की टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन अवैध भंडारण के संबंध में किसी ने भी खुलकर कुछ नहीं बताया. पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली ने तत्काल एक्शन लिया और सभी सिलेंडर को अपने कब्जे में ले लिया, जो की अलग-अलग कंपनियों के थे. उन्होंने बताया कि एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, जो सिलेंडरों पर अपने होने का दावा कर रहा था.
पूर्ति निरीक्षक ने लोगों से अपील की है कि वह अपने क्षेत्र में कहीं पर भी अवैध भंडारण या सिलेंडरों की कालाबाजारी होते हुए देखे तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें. गैस के सिलेंडर का भंडारण करने के लिए किसी भी व्यक्ति को अपना दुकान मकान किराए पर ना दे. ऐसा करना नियमावली का उल्लंघन है. इससे लोगों की जान को खतरा भी हो सकता है.
उन्होंने बताया कि फिलहाल मामले में जांच शुरू की गई है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल रहे इसलिए पुलिस मौके पर डटी हुई है.