युवक की मौत मामले में आया नया मोड़, मारपीट के आरोप में बिहार के दो युवक गिरफ्तार

देहरादून: रायपुर थाना क्षेत्र में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को लाडपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया है. परिजनों ने आरोप लगाया था कि 7 सितंबर को मृतक के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई थीं. इसके बाद 13 सितंबर की सुबह वह अपने कमरे में मृत मिला. पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है. वहीं दोनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं.

गौर हो कि राजधानी के रायपुर थाना क्षेत्र में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को लाडपुर तिराहा के पास से दबोचा. गिरफ्तार आरोपी बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं और फिलहाल रायपुर क्षेत्र में ही रह रहे थे. पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है.

13 सितंबर को रिंग रोड नियर होटल पर्ल एवेन्यू निवासी शफीक ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 सितंबर को उनके साले जानिसार खान निवासी राजीव नागलिया का प्लॉट, रायपुर के साथ विक्कू और उसके अन्य साथियों के द्वारा मारपीट की गई थी. जिसमें उसे गंभीर चोटें आई थी. घटना में आई चोटों के कारण उनके साले की तबीयत ज्यादा बिगड़ने के कारण 13 सितंबर की सुबह उनका साला जानिसार खान अपने कमरे में मृत अवस्था में मिला.

पीड़ित की तहरीर के आधार पर रायपुर थाना पुलिस हरकत में आई और आरोपियों के खिलाफ 105 बीएनएस में मुकदमा पंजीकृत किया गया. पुलिस द्वारा मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम कार्रवाई कराई गई. थाना रायपुर प्रभारी संजीत कुमार ने बताया है कि पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों विकास साहनी उर्फ विक्कू निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार और सोनू साहनी निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार को लाडपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया. दोनों आरोपी वर्तमान में रायपुर क्षेत्र में रह रहे थे. साथ ही आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *