देहरादून-पिथौरागढ़ के लिए जल्द शुरू होगी हेली सेवा, कागजी कार्रवाई की जा रही पूरी

देहरादून: भारत सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) उड़ान योजना के तहत उत्तराखंड में तमाम रूटों पर हेली सेवाओं का संचालन किया जा रहा है. इसी कड़ी में क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से पिथौरागढ़ के लिए जल्द ही हेली सेवा भी शुरू होने जा रही है. इसको लेकर केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर जानकारी दी है. भेजे गए पत्र के अनुसार देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच आरसीएस उड़ान सेवा जल्द शुरू हो सकती है.

ये कंपनी देगी देहरादून-पिथौरागढ़ रूट पर हेली सेवा: दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते दिनों केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू को पत्र लिखकर देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच उड़ान सेवाओं को मजबूत करने का अनुरोध किया था. इसी कड़ी में केंद्रीय केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में बताया है कि देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत उड़ान सेवा के लिए मैसर्स स्काईहॉप एविएशन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से जरूरी कागजी कार्रवाइयों को पूरा किया जा रहा है.

उत्तराखंड में 30 रूटों पर संचालित हो रही हेली सेवाएं: ऐसे में कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद मैसर्स स्काईहॉप एविएशन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से देहरादून-पिथौरागढ़ मार्ग पर आरसीएस उडानों का संचालन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देहरादून से पिथौरागढ के बीच नियमित विमान सेवाओं के लिए अन्य विमानन कंपनियों को भी पत्र लिख रही है. बता दें कि भारत सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना, उड़ान योजना (Regional Connectivity Scheme- UDAN) के तहत उत्तराखंड में 30 रूटों पर हेली सेवाओं का संचालन किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *