खटीमा के देवेश आर्या ने UPSC परीक्षा में हासिल की 656वीं रैंक, घर पर लगा बधाई देने वालों का तांता

खटीमा: देश की प्रतिष्ठित यूपीएससी परीक्षा में उत्तराखंड के कई होनहार युवाओं ने सफलता प्राप्त कर प्रदेश व क्षेत्र का नाम रोशन किया है. उधम सिंह नगर जिले के खटीमा निवासी देवेश आर्य ने भी इस प्रतिष्ठित परीक्षा में दूसरे प्रयास में सफलता प्राप्त की है. देवेश ने 656वी रैंक हासिल कर खटीमा क्षेत्र का नाम रोशन किया है. देवेश की प्रारंभिक पढ़ाई खटीमा में ही हुई है. वहीं देवेश की सफलता के बाद उनके परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा है. देवेश की माता शिक्षिका तो पिता वन निगम के अधिकारी हैं.

सीमांत क्षेत्र खटीमा के होनहार युवा देवेश आर्या ने देश की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा UPSC 2025 में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. देवेश ने अपने दूसरे प्रयास में ऑल इंडिया 656वीं रैंक प्राप्त की है. उनकी इस उपलब्धि से खटीमा समेत पूरे चंपावत जनपद में खुशी और गर्व का माहौल है. 23 वर्षीय देवेश आर्या की प्रारंभिक शिक्षा खटीमा के सराफ पब्लिक स्कूल से हुई. उन्होंने वर्ष 2018 में हाईस्कूल में 86.8 प्रतिशत तथा 2020 में इंटरमीडिएट (PCMB) में 94.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए. इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से बीएससी (ऑनर्स) बॉटनी की पढ़ाई पूरी की, जिसमें उन्होंने 7.76 CGPA हासिल किया.

देवेश की इस सफलता के पीछे उनके परिवार का भी अहम योगदान रहा है. उनकी माता पिंकी आर्या अंग्रेजी विषय की प्रवक्ता हैं और अटल आदर्श इंटर कॉलेज बराकोट (लोहाघाट) में कार्यरत हैं. वहीं उनके पिता महेश आर्या वन निगम के मुख्यालय में आरएम पद पर कार्यरत हैं. देवेश आर्या की इस उपलब्धि से खटीमा और चंपावत जिले में खुशी की लहर है. क्षेत्र के लोगों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *