देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्म दिवस के मौके पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर वहां पढ़ रहे बच्चों के साथ अपना जन्म दिवस मनाया. मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनके बीच रहकर जन्म दिवस की खुशियां साझा कीं. बच्चों ने सीएम धामी के लिए जन्मदिवस पर गाना गया, जिस पर सीएम धामी भावुक नजर आए. इसके बाद सीएम धामी ने बच्चों के बीच जाकर उनसे संवाद किया, उनका उत्साहवर्धन किया और उनके साथ समय बिताया. मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित और खुश भी नजर आए.
इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि, बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है. हर बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं. उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि, दिव्यांगजन का सशक्तिकरण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है. दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और लगातार प्रयास से जीवन की हर चुनौती को पार किया जा सकता है. मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने लक्ष्य की ओर पूरे विश्वास और उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.