रुद्रपुर के भूतबंगला में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, पथराव और फायरिंग के आरोप, कई लोग घायल

रुद्रपुर: होली के कार्यक्रम के दौरान रुद्रपुर दो समुदायों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते मामला मारपीट, पथराव और फायरिंग के आरोप तक पहुंच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हल्का बल प्रयोग कर हालात को काबू में किया. घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

रुद्रपुर के भूतबंगला क्षेत्र में गुरुवार रात उस समय तनाव का माहौल बन गया जब होली खेलने के कार्यक्रम के दौरान दो समुदायों के लोगों के बीच विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि मोहल्ले में कुछ लोग होली का कार्यक्रम मना रहे थे, उसी दौरान एक विशेष समुदाय का युवक ई-रिक्शा लेकर वहां बार-बार चक्कर लगा रहा था. स्थानीय लोगों ने उसे ऐसा करने से मना किया, जिस पर युवक कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए वहां से चला गया.

आरोप है कि कुछ देर बाद वह युवक अपने कई साथियों के साथ वापस मौके पर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी. देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गया. इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से जमकर ईंट-पत्थर चलाए गए और लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल किया गया. कुछ लोगों ने इस दौरान फायरिंग होने का भी आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रही है.

झड़प में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया. पुलिस ने दोनों पक्षों को तितर-बितर कर घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *