हल्द्वानी: नैनीताल जिले के पर्यटन क्षेत्र मुक्तेश्वर में तेजी से हो रहे बहुमंजिला निर्माण और रिजॉर्ट को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है. कुमाऊं कमिश्नर सचिव दीपक रावत ने मुक्तेश्वर का निरीक्षण करते हुए क्षेत्र में हो रहे निर्माण कार्यों पर गंभीर चिंता जताई है. आयुक्त ने प्रथम दृष्टया कई निर्माणों को भू-कानून के उल्लंघन से जुड़ा मामला बताते हुए जिलाधिकारी और जिला विकास प्राधिकरण को जांच के निर्देश दिए हैं. साथ ही साफ कहा है कि यदि जांच में अनियमितता मिली तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत के निर्देश के बाद अधीनस्थ अधिकारी भी हरकत में आ गए हैं.
कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत मुक्तेश्वर दौरे के दौरान क्षेत्र में बन रही बहुमंजिला इमारतों और बड़े रिजॉर्ट को देखकर हैरान रह गए. निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि कुछ लोग समूह बनाकर बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य कर रहे हैं और साथ ही होमस्टे योजना का लाभ भी ले रहे हैं. आयुक्त ने इसे भू-कानून की भावना के विपरीत बताते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां क्षेत्र के पर्यावरण और नियोजन दोनों के लिए चिंता का विषय हैं.
उन्होंने कहा कि मुक्तेश्वर जैसे संवेदनशील और पर्यटन क्षेत्र में अनियोजित निर्माण भविष्य में बड़ी समस्या बन सकता है. मामले को गंभीरता से लेते हुए दीपक रावत ने जिलाधिकारी नैनीताल और जिला विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए कि क्षेत्र में बन रही सभी बहुमंजिला इमारतों, रिजॉर्ट और होमस्टे परियोजनाओं की विस्तृत जांच की जाए. उन्होंने कहा कि यह भी देखा जाए की कहीं भू-कानून और निर्माण नियमों का दुरुपयोग तो नहीं किया जा रहा है. आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही प्रशासन को भविष्य में ऐसे निर्माणों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि भू-कानून का दुरुपयोग रोका जा सके और क्षेत्र का संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके.