उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए राज्यपाल, 34 छात्र-छात्राओं को बांटे गोल्ड मेडल – News of Uttarakhand

उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए राज्यपाल, 34 छात्र-छात्राओं को बांटे गोल्ड मेडल

उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी (UOU) के 10वें दीक्षांत समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया. इस दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह शामिल हुए. समारोह के दौरान राज्यपाल ने उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी परिसर में शौर्य दीवार का लोकार्पण किया, जो देश की सेवा में समर्पित वीर जवानों के साहस और बलिदान को समर्पित है.

उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी का 10वां दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ. जिसमें राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शिरकत की. इस वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया. कुल 18,146 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की डिग्रियां प्रदान की गईं. वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 34 छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया, जबकि 6 विद्यार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी ने दूर-दराज और पहाड़ी क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसका उद्देश्य समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना होना चाहिए. राज्यपाल ने सभी छात्र-छात्राओं की मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी. दीक्षांत समारोह के बाद डिग्री प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं में खुशी और उत्साह साफ नजर आया.

खास तौर पर गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर गर्व और संतोष दिखाई दिया. लाइब्रेरी एंड इनफार्मेशन साइंस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रेरणा भट्ट को तीन गोल्ड मेडल, यूनिवर्सिटी गोल्ड मेडल, कुलाधिपति गोल्ड मेडल और देवकी नंदन गोल्ड मेडल से नवाजा गया. वहीं सबीरा खान को मनोविज्ञान विषय में शानदार प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल प्रदान किया गया.

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा वर्ष 2047 तक जो विकसित भारत का संकल्प लिया गया है, उसे साकार करने हेतु यह शिक्षण संस्थान भी अपने स्तर से अमृत कार्य कर रहा है. उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसकी शिक्षा से तय होती है शिक्षा के स्तर को आगे बढ़ने का कार्य इस विश्वविद्यालय द्वारा अनवरत तौर पर किया जा रहा है. 60 से अधिक देशों के 2 लाख से अधिक शिक्षणार्थी यहां शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं. साइबर सुरक्षा डिजिटल जैसे पाठ्यक्रम यहां संचालित हो रहे हैं,उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने वाला प्रदेश का यह प्रथम विश्वविद्यालय है इस पर राज्यपाल ने विश्वविद्यालय प्रशासन को इसकी बधाई दी, इस अवसर पर विभिन्न पत्रिकाओं वार्षिक कैलेंडर हिंदी वेबसाइट का भी लोकार्पण किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *