उत्तराखंड में सड़क और पुल निर्माण के लिए 66.12 करोड़ रुपए मंजूर, शीतलहर से बचाव को लेकर भी बजट जारी – News of Uttarakhand

उत्तराखंड में सड़क और पुल निर्माण के लिए 66.12 करोड़ रुपए मंजूर, शीतलहर से बचाव को लेकर भी बजट जारी

देहरादून: उत्तराखंड में ठंड का मौसम शुरू हो गया है. ऐसे में शीतलहर से बचाव के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अलाव जलाने और कंबल वितरण को लेकर सभी जिलों को बजट जारी करने के लिए स्वीकृति दे दी है. पिछले सालों की तरह ही इस साल भी सभी जिलों के लिए 135 लाख रुपए स्वीकृत किया गया है. इसके साथ ही प्रदेश के तमाम विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों और पुलों के निर्माण के लिए सीएम धामी ने 66.12 करोड़ रुपए को मंजूरी दी है.

शहीद नायक सैनिक खुशाल सिंह अधिकारी के नाम से रखा जाएगा आईटीआई अस्कोट का नाम: बता दें कि शीतलहर से बचाव के लिए प्रदेश के 12 जिलों को 10-10 लाख और पौड़ी जिले के लिए 15 लाख रुपए यानी कुल 1 करोड़ 35 लाख रुपए की स्वीकृति दी है. इसके साथ ही सीएम धामी ने पिथौरागढ़ जिले के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अस्कोट का नाम शहीद नायक सैनिक खुशाल सिंह अधिकारी (सेना मेडल) के नाम पर रखे जाने की स्वीकृति दे दी है.

सड़कों और पुलों के निर्माण के लिए 66.12 करोड़ की धनराशि को मंजूरी: इसके अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तमाम विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों और पुलों के निर्माण के लिए 66.12 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है. स्वीकृत धनराशि के तहत नैनीताल जिले के विधानसभा क्षेत्र कालाढूंगी के तहत पनचक्की चौराहे से कमलुवागांजा 8.200 किमी लंबी नहर कवरिंग का काम किया जाएगा.

इसके साथ ही कालाढूंगी में चौफुला चौराहे से कठघरियां चौराहे तक 3.100 किमी (कुल लंबाई 3.800 किमी) तक सड़क निर्माण के लिए 12.45 करोड़ रुपए, विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट के तहत कालसन ठांठा मोटर मार्ग से बनोली सुदर्का, ठांठा मोटर मार्गों का सुधारीकरण का कार्य के लिए 3.46 करोड़ रुपए स्वीकृत किया है.

इसी कड़ी में विकासनगर के लम्बरपुर से लांघा मोटर मार्ग को डेढ़ लेन (5.50 मीटर) से दो लेन (7.00 मीटर) में चौड़ीकरण और सुधारीकरण का कार्य के लिए 10.86 करोड़ रुपए को मंजूरी दी है. अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र जागेश्वर में पोखरी-बैगनिया और पोखरी बिनवाल के लिए चायखान से बलिया होते हुए संपर्क मार्ग के किमी 1 से 9 में डामरीकरण एवं सुधारीकरण का कार्य के लिए 6.38 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है.

सीएम धामी ने मुख्यमंत्री घोषणा के तहत चंपावत में शहीद शिरोमणि चिल्कोटी (गौडी-किमतोली) मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्य के लिए 9.58 करोड़ रुपए, चंपावत में टनकपुर के आंतरिक मार्गों का सुधारीकरण कार्य के लिए 5.98 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है. इसके अलावा उन्होंने राज्य योजना के तहत राजपुर रोड के देहरादून-रायपुर रोड में चूना भट्टा के पास रिस्पना नदी पर 55 मीटर विस्तार पुल का निर्माण कार्य के लिए 5.84 करोड़ रुपए को स्वीकृति दी है.

उधमसिंह नगर के रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप में झील से चामुंडा मंदिर तक मार्ग का पुनर्निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य (शिवनगर से ट्रांजिट कैंप मुख्य मार्ग का अवशेष भाग) के लिए 2.2 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है. इसके साथ ही उधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर के मुख्य बाजार के मध्य संपर्क मार्गों का पुनर्निर्माण कार्यों के लिए 2.82 करोड़ रुपए, टिहरी जिले के बिलोंदी पुल से फिडोगी-धनोल्टी मोटर मार्ग के कार्य के लिए 3.70 करोड़ धनराशि की स्वीकृति दी है.

वहीं, बरोटीवाला-अम्बाड़ी मोटर मार्ग पर 20 मीटर की गार्डर ब्रिज के निर्माण के लिए 2.19 करोड़ धनराशि को स्वीकृति दी है. इसके साथ ही उन्होंने उत्तरकाशी के पुरोला के कमल नदी-गुन्याटिगांव मोटर मार्ग विस्तारीकरण के कार्य के लिए 4 लाख रुपए, पुरोला के गुन्याटिगांव के खेल मैदान इंटर कॉलेज मंदिर मार्ग तक इंटरलॉकिंग का निर्माण कार्य के लिए 26 लाख रुपए की स्वीकृति दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *