दिल्ली में उत्तराखंड के जिलाधिकारियों की पाठशाला, चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग देगा ट्रेनिंग – News of Uttarakhand

दिल्ली में उत्तराखंड के जिलाधिकारियों की पाठशाला, चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग देगा ट्रेनिंग

देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत 8 जिलों के जिलाधिकारी 22 और 23 अक्टूबर को दिल्ली स्थित भारत निर्वाचन आयोग में दो दिवसीय प्रशिक्षण लेंगे. इसमें चुनावी प्रक्रियाओं, नामांकन, स्क्रूटनी, पोस्टल बैलेट, कार्मिकों की तैनाती और मतदान केंद्रों की तैयारियों की जानकारी दी जाएगी. नवंबर में बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और चमोली के जिलाधिकारी भी प्रशिक्षण लेंगे.

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच अब जिलाधिकारियों की पाठशाला लगने जा रही है. इस पाठशाला में जिलाधिकारी चुनाव कराने के गुर सीखेंगे. इसके लिए प्रदेश के आठ जिलों के जिलाधिकारी 22 और 23 अक्टूबर को दिल्ली स्थित भारत निर्वाचन आयोग पहुंचेंगे. दो दिन के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलाधिकारियों को चुनावी प्रक्रिया के अलग-अलग चरणों की जानकारी दी जाएगी. इसमें नामांकन से लेकर मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तक की प्रक्रिया शामिल होगी.चुनाव से पहले इसलिए जरूरी है प्रशिक्षण: आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए निर्वाचन आयोग की ओर से जिलाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है. जिलों में चुनावी तैयारियों और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाने में जिलाधिकारियों की अहम भूमिका होती है. ऐसे में चुनाव प्रक्रिया के नियमों, व्यवस्थाओं और अलग-अलग चरणों की जानकारी उनके लिए महत्वपूर्ण है.

इन जिलों के जिलाधिकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम में होंगे शामिल: इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, चंपावत, नैनीताल और उधम सिंह नगर के जिलाधिकारी शामिल होंगे. ये सभी अधिकारी 22 और 23 अक्टूबर को दिल्ली में रहकर निर्वाचन आयोग से प्रशिक्षण लेंगे.

नामांकन से लेकर पोस्टल बैलेट तक की जानकारी: जिलाधिकारियों की इस पाठशाला में केवल चुनावी तैयारियों की सामान्य जानकारी ही नहीं मिलेगी. बल्कि, चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न चरणों को भी समझाया जाएगा. नामांकन पत्र दाखिल करने, उनकी जांच यानी स्क्रूटनी और नाम वापसी की प्रक्रिया के साथ पोस्टल बैलेट की गिनती से जुड़े पहलुओं की जानकारी भी दी जाएगी.

इसके अलावा चुनाव ड्यूटी में तैनात होने वाले कर्मचारियों के प्रशिक्षण, उनकी जिम्मेदारियां तय करने और मतदान केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने से जुड़े विषय भी प्रशिक्षण का हिस्सा होंगे. इसका उद्देश्य जिलाधिकारियों को चुनाव प्रबंधन की प्रक्रियाओं से अवगत कराना है. ताकि, चुनाव के दौरान प्रशासनिक व्यवस्थाओं का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप किया जा सके.दो डीएम पहले ले चुके प्रशिक्षण: बता दें कि प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जा रही है. अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी पहले ही यह प्रशिक्षण ले चुके हैं. अब 8 जिलों के जिलाधिकारी दूसरे चरण में प्रशिक्षण लेंगे. वहीं, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और चमोली के जिलाधिकारियों का प्रशिक्षण अगले चरण में प्रस्तावित है.

नवंबर में लगेगी तीन जिलों के DM की पाठशाला: उम्मीद है कि नवंबर में इन तीन जिलों के जिलाधिकारी भी दिल्ली स्थित भारत निर्वाचन आयोग में प्रशिक्षण लेंगे. इस तरह विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच जिलाधिकारियों को चुनावी प्रक्रिया की बारीकियों से परिचित कराने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है. अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे का कहना है कि,

“दो दिनों तक जिलाधिकारी निर्वाचन से जुड़ी प्रक्रिया को बारीकी से जानेंगे. ताकि, चुनाव में पारदर्शी रूप से चुनाव संपन्न कराए जा सके.”- विजय कुमार जोगदंडे, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *