देहरादून: बुजुर्ग एनआरआई महिला की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करने और राजपुर रोड पर एक बड़ी भूमि का सौदा करने के नाम पर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले मास्टरमाइंड को राजपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी के ऊपर पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम भी रखा था. आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में गैंगस्टर समेत दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी कई आपराधिक मुकदमों में जेल जा चुका है. आरोपी के कब्जे से अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुआ है.
दरअसल, 22 जून 2025 को कमल जिंदल निवासी लक्ष्मण चौक ने थाना राजपुर पर शिकायत दर्ज कराई थी कि विशाल कुमार नाम के व्यक्ति ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे राजपुर रोड पर एक संपत्ति दिखाई. संपत्ति को बेचने के नाम पर विशाल कुमार ने उससे अलग-अलग माध्यमों से 6 करोड़ 75 लाख रुपए लिए. लेकिन कई दिनों के बाद भी संपत्ति की रजिस्ट्री नहीं कराई. इस पर रुपए वापस मांगे गए तो रुपए भी वापस नहीं दिए.
इस दौरान जानकारी मिली कि पहले भी एक वृद्ध एनआरआई महिला ने थाना राजपुर पर आरोपी विशाल कुमार के खिलाफ उनकी जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था. थाना राजपुर पुलिस द्वारा जांच के दौरान जानकारी मिली कि नामजद आरोपी विशाल कुमार के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में गैंगस्टर समेत धोखाधड़ी के 2 दर्जन मुकदमे दर्ज हैं और कई मुकदमों में फरार चल रहा है. आरोपी के लगातार फरार चलने के कारण थाना राजपुर पुलिस ने मुकदमे में आरोपी विशाल कुमार के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट प्राप्त किया है.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया. जिसके बाद पुलिस टीम द्वारा आरोपी के सभी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई. पुलिस टीम द्वारा किए जा रहे लगातार प्रयासों के बाद चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर आरोपी विशाल कुमार को तपोवन रोड निकट आईटी पार्क चौक से गिरफ्तार किया गया. आरोपी और उसके वाहन की तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल 32 बोर और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट का भी मुकदमा दर्ज किया गया है.
-पीड़ी भट्ट, थाना राजपुर प्रभारी-