आज सीएम लाएंगे बजट पर सामान्य चर्चा का प्रस्ताव, जारी रहेगी राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस

गैरसैंण के भराड़ीसैण विधानसभा भवन में आज बजट सत्र 2026 का तीसरा दिन है. मंगलवार को देर रात तक कानून व्यवस्था पर नियम 58 के तहत चर्चा हुई थी. विपक्ष ने प्रदेश में हुई हत्याओं, अंकिता मर्डर और अन्य घटनाओं के मामले उठाए थे. जवाब में संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा था कि सभी घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई हुई हैं. शिकायतों के निदान के सक्सेस रेट में बढ़ोत्तरी हुई है. उसके बाद देर रात भाजपा विधायक राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का प्रस्ताव लाए थे, जो आज भी जारी रहेगा. आज 11 बजे सदन की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी. इसके बाद नियम 58 और विशेषाधिकार हनन में आज धारचूला विधायक हरीश धामी को सुना जाएगा. कल उन्होंने सदन में हंगामा किया था. फिर विधायी कार्य निपटाने के बाद मुख्यमंत्री बजट पर सामान्य चर्चा का प्रस्ताव लाएंगे.

विधानसभा को लेकर सतपाल महाराज के बयान पर कांग्रेस नाराज

विधानसभा के अन्य कार्यों में उपयोग को लेकर सतपाल महाराज के बयान से विपक्ष खासा नाराज है. नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने कहा कि गैरसैंण विधानसभा भवन को शादी-बारात और वेडिंग/कॉरपोरेट डेस्टिनेशन बनाने का सुझाव अत्यंत निंदनीय है। गैरसैंण केवल एक भवन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनता के संघर्ष, सपनों और राज्य आंदोलन की भावनाओं का प्रतीक है। जिस स्थान को लोकतंत्र के मंदिर के रूप में स्थापित किया गया, उसे शादी-बारात या कॉरपोरेट कार्यक्रमों के लिए उपयोग करने की बात करना राज्य की अस्मिता का अपमान है। सरकार को इस विषय पर तत्काल स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह वास्तव में विधानसभा जैसे पवित्र संस्थान को पर्यटन और व्यावसायिक आयोजनों का स्थल बनाना चाहती है? उत्तराखंड की जनता इस विषय पर सरकार से स्पष्ट जवाब चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *