होली गीतों पर जमकर थिरके सीएम धामी, ढोलक और चिमटा भी बजाया, ईटीवी भारत से की खास बातचीत

देहरादून: देशभर के साथ ही उत्तराखंड में भी रंगों का पर्व होली की धूम है. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री आवास में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया. गढ़वाली और कुमाऊंनी होली का रंग देखने को मिला. इतना ही नहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होली की गीतों पर झूमते नजर आए. साथ ही ढोलक और चिमटा बजाते भी दिखे.

होली मिलन कार्यक्रम में जुटे गढ़वाल-कुमाऊं से लेकर जौनसार तक के कलाकार: प्रदेश भर से आए लोक कलाकारों और होल्यारों ने अपनी-अपनी धुनों से सीएम आवास के माहौल को उत्सवमयी कर दिया. इस दौरान एक तरफ हारुल नृत्य करते जौनसारी कलाकार थे तो दूसरी तरफ अपनी ही धुन में मग्न होली गीत गाते कुमांऊंनी होल्यारों की टीम.

सांस्कृतिक समृद्धि और एकता का दिखा समागम: इन सबके बीच पौड़ी जिले के राठ क्षेत्र से आई सांस्कृतिक टोली ने भी खूब रंग जमाया. जिससे मुख्यमंत्री आवास का प्रांगण होली के गीतों और रंगों से सराबोर नजर आया. इस दौरान सांस्कृतिक समृद्धि और एकता का समागम भी देखने को मिला.

जहां कुमाऊं के कलाकारों ने ‘आओ दगड़ियो, नाचो गाओ, ए गे रंगीली होली…‘ का आह्वान किया तो राठ क्षेत्र के कलाकारों ने ‘आई डान्ड्यू बसंत, डाली मा मौल्यार...’ गाकर समा बांध दिया. इस दौरान जो भी वहां पर मौजूद था, वो लोक संस्कृति के रंग में रम गया.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी लोक कलाकारों के संग होली के रंगों में पूरी तरह से रंगे नजर आए. वे खुद लोक कलाकारों के साथ थिरकते दिखे. वहीं, लोक कलाकारों का कहना था कि लोक संस्कृति पर सीएम धामी अच्छा काम कर रहे हैं, जिससे लोक संस्कृति को बढ़ावा तो कलाकारों को संरक्षण मिल रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *