देहरादून: आज बुधवार सुबह महाराष्ट्र से एक दुखद खबर आई. एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार का हवाई दुर्घटना में निधन हो गया. उनको ले जा रहा एक विमान बुधवार सुबह महाराष्ट्र के बारामती में लैंडिंग की कोशिश करते वक्त क्रैश हो गया. इस हादसे में अजित पवार सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई है. इस दुखद घटना के बाद लोग अपने शोक संदेश व्यक्त कर रहे हैं. उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी अजित पवार के निधन पर दुख जताया है.
सीएम धामी ने अजित पवार के निधन पर दुख जताया: महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के प्लैन क्रैश में असमय निधन पर दुख जताते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनो सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट लिखा है. उन्होंने कहा कि-
जनसेवा के प्रति आजीवन समर्पित, लोकप्रिय जननेता, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजीत पवार जी के विमान हादसे में निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है।
समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के हितों के लिए उन्होंने सदैव करुणा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया है।
ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि इस हादसे में दिवंगत सभी पुण्यात्माओं को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ।। ॐ शांति।।
लैंडिंग की कोशिश करते हुए हुआ अजित पवार का विमान क्रैश: जानकारी के मुताबिक यह हादसा उस समय हुआ जब अजित पवार का प्लेन बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग करने जा रहा था. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक इस हादसे में डिप्टी सीएम अजित पवार समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है. 66 साल के अजित पवार मुंबई से बारामती चुनाव प्रचार के लिए जा रहे थे. उन्हें वहां जिला परिषद चुनाव से जुड़े एक कार्यक्रम में हिस्सा लेना था.
DGCA ने की निधन की पुष्टि: डीजीसीए (DGCA) के एक अधिकारी ने भी अजित पवार के निधन की खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार VSR एविएशन के VT-SSK लियरजेट 45 एयरक्राफ्ट में सवार थे. अधिकारी ने कहा कि महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार, 2 और लोगों (1 PSO और 1 अटेंडेंट) और 2 क्रू (PIC+FO) के सदस्यों के साथ प्लेन में थे. शुरुआती जानकारी के अनुसार, प्लेन में सवार कोई भी व्यक्ति क्रैश में नहीं बचा है.