त्रिस्तरीय पंचायतों के खाली पड़े पदों पर उपचुनाव, 20 नवंबर को वोटिंग, अधिसूचना जारी

देहरादून: उत्तराखंड राज्य में हरिद्वार जिला छोड़ प्रदेश के बाकी 12 जिलों में त्रिस्तरीय पंचायतों के खाली पड़े तमाम पदों पर उपचुनाव कराया जाना है. जिसके तहत उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है. जारी अधिसूचना के अनुसार, 13 और 14 नवंबर को नामांकन पत्र दाखिल करने की तिथि रखी गई है. ऐसे में 20 नवंबर को मतदान होगा और 22 नवंबर को मतगणना की प्रक्रिया संपन्न होगी.

दरअसल, इसी साल जुलाई-अगस्त माह में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद से ही हजारों पद खाली चल रहे हैं. त्रिस्तरीय पंचायतों के खाली पड़े पदों में सदस्य ग्राम पंचायत के 32 हजार 934 पद, प्रधान ग्राम पंचायत के 22 पद, सदस्य क्षेत्र पंचायत के 2 पद और सदस्य जिला पंचायत का एक पद शामिल है. रुद्रप्रयाग जिले में एक पद सदस्य जिला पंचायत का खाली है. साथ ही उत्तरकाशी और चमोली जिले में एक- एक पद सदस्य क्षेत्र पंचायत का खाली है. जिन पदों पर कुछ महीने पहले हुए चुनाव के दौरान चुनाव नहीं हो पाए थे. ऐसे में इन खाली पदों को भरने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी है.

20 को वोटिंग, 22 को काउंटिंग: राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, 13 और 14 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन दाखिल करने की तिथि रखी गई है. 15 नवंबर को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी. 16 नवंबर को सुबह 10 से दोपहर 3 तक नाम वापसी की तिथि रखी गई है. 16 नवंबर को दोपहर 3 बजे के बाद कार्य समाप्ति तक चुनाव चिन्ह आवंटित किया जाएगा. 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. इसके साथ ही 22 नवंबर को सुबह 8 बजे से कार्य समाप्ति तक मतगणना की प्रक्रिया चलेगी. निर्वाचन आयोग के मुताबिक, उपचुनाव संबंधित अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन पत्रों की बिक्री भी शुरू हो गई है. साथ ही आदर्श आचरण संहिता लागू हो गई है जो मतगणना समाप्ति तक जारी रहेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *