6-7 सितम्बर को हनोल मंदिर में जागड़ा पर्व, चलाई जाएंगी विशेष बसें, श्रद्धालुओं का रखा जाएगा ख्याल – Jagra festival Preparations

देहरादून: पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने जौनसार भाबर के प्रमुख तीर्थ स्थल हनोल स्थित ‘महासू देवता मंदिर’ में राजकीय मेला ‘जागड़ा पर्व’ की तैयारियों को लेकर सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की. साथ ही उन्होंने जागड़ा पर्व को लेकर जरुरी दिशा-निर्देश भी दिये.

इस दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा हनोल मंदिर राज्य ही नहीं अपितु पूरे देश में प्रसिद्ध है. महासू देवता मंदिर में पूजन दर्शन के लिए उत्तराखंड सहित अन्य प्रदेशों से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां आते. उन्होंने कहा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी ना इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा. परिवहन एवं सड़कों की कनेक्टिविटी के साथ साथ पार्किंग और ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था चुस्त दुरुस्त होनी चाहिए. साफ-सफाई का ध्यान रखने के अलावा शौचालयों का उचित प्रबंध होना चाहिए.

बैठक के दौरान पर्यटन एवं लोक निर्माण मंत्री महाराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जागड़ा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए उचित पुलिस बल तैनात किया जाए. पूर्व की भांति जौनसार भाबर तथा उत्तरकाशी क्षेत्र में स्कूलों में जागड़ा पर्व के दौरान सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए. श्रद्धालुओं के जागड़ा में शामिल होने के लिए परिवहन व्यवस्था के तहत हरबर्टपुर-बैराट खाई-चकराता-हनोल। हरिद्वार-देहरादून-विकासनगर वाया चकराता से हनोल तक, देहरादून-मिनस-हनोल और हिमाचल प्रदेश के शिमला-हाटकोटकी- त्यूणी-हनोल के अलावा पांवटा-सिलाई त्यूणी-हनोल से नैरवा-अटाल-हनोल तक, देहरादून-विकासनगर-डामटा-बड़कोट-पुरोला-मोरी-हनोल तक, उत्तरकाशी से हनोल तक बसों का संचालन किया जाये.

सतपाल महाराज ने कहा उन्होंने हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री से लिखित अनुरोध कर शिमला-हाटकोटकी-त्यूनी-हनोल तक तथा पांवटा-सिलाई- त्यूनी-हनोल तक हिमाचल सड़क परिवहन निगम की बसों के संचालन करने को कहा है. उन्होंने जानकारी देते हुए बताया पर्यटन विभाग शीघ्र ही भोपाल से ऋषिकेश देहरादून यमुनोत्री खरसाली और हनोल के लिए गंगा यमुना एक्सप्रेस का संचालन करने जा रहा है. जिसके तहत इन सभी धार्मिक स्थलों के उन्हें दर्शन करवाए जाएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *