हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है. राजपुरा इलाके में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के नेतृत्व में ड्रग्स विभाग की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए सात क्लीनिक और मेडिकल स्टोर सील किए गए. जांच में कहीं बिना लाइसेंस दवाइयां बांटी जा रही थीं, तो कहीं आयुर्वेदिक डॉक्टर एलोपैथिक दवाओं से मरीजों का इलाज करते मिले. छापेमारी की भनक लगते ही कई संचालक मौके से फरार हो गए. अब प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मचा है.
हल्द्वानी में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है. राजपुरा इलाके में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के नेतृत्व में ड्रग्स विभाग की टीम ने कई क्लीनिक और मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की. इस दौरान अनियमितताएं मिलने पर सात प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया.दरअसल, शहर में बिना जरूरी अनुमति के क्लीनिक चलाने और नियमों के विपरीत दवाइयां देने की शिकायतों के बीच प्रशासन ने यह कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान टीम को कई जगह गंभीर अनियमितताएं मिलीं. कहीं बिना लाइसेंस के दवाइयों का वितरण किया जा रहा था, तो कहीं आयुर्वेदिक डॉक्टर द्वारा एलोपैथिक दवाइयां दिए जाने का मामला सामने आया.
पूर्व में एक झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के बाद महिला की मौत का मामला सामने आया था. इसके बाद प्रशासन ने ऐसे क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज की है. पिछली कार्रवाई के दौरान आठ झोलाछाप डॉक्टरों के प्रतिष्ठानों को सील किया गया था, जबकि इस बार सात और प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई है.
-एपी वाजपेयी, सिटी मजिस्ट्रेट-
जांच टीम जब राजपुरा क्षेत्र में पहुंची तो कई क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया. कार्रवाई की भनक लगते ही कुछ संचालक मौके से फरार हो गए. टीम ने प्रतिष्ठानों की जांच कर अनियमितताएं पाए जाने पर उन्हें सील करने की कार्रवाई की. प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.