कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या विवाद: अस्पताल से वीडियो जारी, बताया 210 करोड़ का सच – News of Uttarakhand

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या विवाद: अस्पताल से वीडियो जारी, बताया 210 करोड़ का सच

देहरादून: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के बाद शादी से जुड़े मामले में अपना पक्ष रखा है. अस्पताल में भर्ती रेखा आर्या ने कहा उन्हें विवाह से पहले इस बात की जानकारी नहीं थी कि गिरधारी लाल साहू पहले से शादीशुदा हैं. उन्होंने पूरे मामले में न्याय मिलने की उम्मीद जताते हुए कहा कि उन्हें भरोसा है कि पुलिस उनकी शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई करेगी. रेखा आर्य ने गिरधारी साहू के 210 करोड़ के दावे पर भी अपनी बात रखी है.

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने विवाद के बीच अस्पताल से बात करते हुए कहा, पुलिस जिस तरह किसी सामान्य महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उसे न्याय दिलाने का प्रयास करती है, उसी तरह उन्हें भी न्याय मिलेगा. रेखा आर्या ने पुलिस पर भरोसा जताते हुए उम्मीद की कि मामले में तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून के कैंट थाने में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में उन्होंने मानसिक प्रताड़ना, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल, दस्तावेजों पर कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर कर एक कंपनी के निदेशक पद से हटाने और एक अन्य महिला के साथ मिलकर जान से मारने की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं.

इसके अलावा उन्होंने पति की पहली शादी और संबंधों से जुड़े आरोप भी पुलिस शिकायत में शामिल किए हैं. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

अगर वो इस तरह के कुछ भी सबूत दे देते हैं तो मैं अपनी शिकायत वापस ले लूंगी. मैंने अपना काम पूरी ईमानदारी से किया है. इस तरह के आरोप जानबूझकर लगाए जा रहे हैं. अगर इस मामले में मेरे खिलाफ कुछ सबूत हैं तो उसे सार्वजनिक करें. विपक्ष से लेकर पूरा उत्तराखंड आज मेरे साथ खड़ा है.

बता दें बीते दिनों कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने एक वीडियो जारी किया. जिसमें उन्होंने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर गंभीर आरोप लगाये. कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने गिरधारी लाल साहू पर धोखे से शादी करने, दूसरी महिलाओं से अवैध संबंध, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए. जिसके लिए उन्होंने थाना कैंट में मुकदमा दर्ज करवाया. इसके बाद गिरधारी लाल साहू ने भी वीडियो जारी किया. जिसमें गिरधारी लाल साहू ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य पर गंभीर आरोप लगाये.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *