उत्तराखंड: दून-हरिद्वार हाईवे पर अब रफ्तार पकड़ेगा काम, 320 करोड़ से 36 किमी हिस्से में सुधरेगी सड़क सुरक्षा

देहरादून से हरिद्वार के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में अब तेजी आने की उम्मीद है। करीब 36 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट के तहत विभिन्न स्थानों पर सड़क सुरक्षा के इंतजाम किए जाने हैं। परियोजना के लिए करीब 320 करोड़ रुपये की निविदा की गई है। निर्धारित योजना के अनुसार अगले दो साल में सभी कार्य पूरे किए जाने हैं।

दरअसल, परियोजना के तहत मियांवाला से नकरौंदा के बीच करीब 2.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मार्ग तैयार किया जाएगा। इसके अलावा यातायात को व्यवस्थित करने के लिए मार्ग में कई स्थानों पर जंक्शन विकसित किए जाने हैं। सर्विस रोड का निर्माण भी परियोजना का हिस्सा है। इन कार्यों का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही को अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनाना है।

मियांवाला-नकरौंदा के साथ कई प्रमुख स्थानों पर होंगे काम
सड़क सुरक्षा के तहत जंक्शन निर्माण और अन्य सुधार कार्य जंक्शन, माजरी, डेंटल कॉलेज, रायवाला के आसपास समेत हरिद्वार तक अलग-अलग स्थानों पर किए जाने हैं। इन स्थानों पर यातायात के दबाव और सड़क की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक ढांचागत सुधार किए जाएंगे। परियोजना के तहत एलिवेटेड मार्ग, जंक्शन और सर्विस रोड जैसे ढांचागत कार्य पूरे होने के बाद देहरादून-हरिद्वार मार्ग पर यातायात संचालन में सुधार का लक्ष्य है। सड़क सुरक्षा से जुड़े इन कार्यों से दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने और यातायात दबाव वाले हिस्सों में जाम की समस्या कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे दोनों शहरों के बीच आवागमन भी सुगम हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *