देहरादून: उत्तराखंड के छात्र संघ चुनाव नतीजों को लेकर बीजेपी ने बड़ा दावा किया है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने एबीवीपी (ABVP) की जीत को युवाओं के रुझान से जोड़ते हुए कहा कि राज्यसभा उम्मीदवार के नाम का ऐलान भी एक-दो दिन में हो जाएगा. इसके अलावा रामशरण नौटियाल के इस्तीफे पर अपनी बात रखी.
ABVP की जीत से बीजेपी गदगद: प्रदेश के कई कॉलेजों में इस बार एबीवीपी ने प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की है. देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में एबीवीपी के नवदीप राणा अध्यक्ष चुने गए हैं. वहीं, एमकेपी कॉलेज में भी एबीवीपी ने ज्यादातर प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की. राज्य के दूसरे कॉलेजों में भी एबीवीपी के प्रत्याशियों ने अध्यक्ष, महासचिव और अन्य प्रमुख पदों पर जीत हासिल की है.
हालांकि, कुछ कॉलेजों में एनएसयूआई (NSUI) और निर्दलीय प्रत्याशियों को भी सफलता मिली है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राज्य के सबसे बड़े छात्र संघों में शामिल डीएवी कॉलेज के अध्यक्ष पद पर एबीवीपी की जीत समेत अधिकांश कॉलेजों में पार्टी से जुड़े छात्र संगठन के प्रत्याशियों का प्रदर्शन अच्छा रहा है. उन्होंने कहा कि,
“उत्तराखंड में राष्ट्रवादी विचारों की अपनी एक मजबूत पृष्ठभूमि रही है और छात्र संघ चुनाव के परिणामों को उसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए. छात्र संघ चुनाव में जीत सिर्फ प्रत्याशियों की जीत नहीं है, बल्कि चुनाव में हिस्सा लेने वाले हर छात्र-छात्रा की लोकतांत्रिक भागीदारी भी महत्वपूर्ण है. “- महेंद्र भट्ट, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष, उत्तराखंड
कांग्रेस की आपत्तियों पर दी तीखी प्रतिक्रिया: हालांकि, छात्र संघ चुनाव के नतीजों को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाई गई आपत्तियों पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद बताया. उनका कहना है कि कांग्रेस छात्र संघ चुनाव में मिली हार के बाद इस तरह के आरोप लगा रही है.