अल्मोड़ा बिनसर अभ्यारण्य में फिर दिखा बाघ, पर्यटकों के कैमरे में हुआ कैद, अलर्ट मोड पर वन विभाग

अल्मोड़ा: करीब आठ हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित बिनसर वन्यजीव अभ्यारण्य क्षेत्र में एक बार फिर बाघ की दस्तक से वन विभाग सतर्क हो गया है. बिनसर घूमने पहुंचे पर्यटकों ने बाघ की चहलकदमी को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वन विभाग ने वीडियो की पुष्टि करते हुए क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी को लेकर निगरानी बढ़ा दी है.

पर्यटकों ने बिनसर टीआरसी से करीब 200 मीटर पहले बाघ को सड़क के आसपास घूमते हुए देखा और उसका वीडियो बना लिया. वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ ही बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरा ट्रैप लगाए हैं. इसके अलावा क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को भी सक्रिय कर दिया गया है. वन विभाग की टीम बाघ की गतिविधियों और उसके आवागमन वाले क्षेत्रों की निगरानी कर रही है. अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और बिनसर पहुंचने वाले पर्यटकों से सतर्कता बरतने की अपील की है.

लोगों को जंगल के आसपास अकेले न जाने और वन क्षेत्र में अनावश्यक रूप से प्रवेश नहीं करने की सलाह दी गई है. बिनसर में बाघ की मौजूदगी का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले दिसंबर 2023 और जून 2024 में भी बिनसर वन्यजीव अभ्यारण्य के अलग-अलग क्षेत्रों में बाघ की मूवमेंट कैमरे में कैद हो चुकी है. ऐसे में एक बार फिर बाघ की मौजूदगी सामने आने के बाद वन विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए निगरानी व्यवस्था मजबूत कर दी है. वन विभाग के अनुसार कैमरा ट्रैप से बाघ की गतिविधियों और उसके आवागमन की दिशा का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. वहीं, पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम लगातार क्षेत्र में नजर बनाए हुए है.

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में स्थित बिनसर अभ्यारण्य एक बेहद खूबसूरत और वन्यजीवों का आवास स्थल है.बिनसर अभ्यारण्य प्रकृति प्रेमियों, ट्रेकर्स और पक्षी प्रेमियों के लिए खास स्थान रखता है. जिसका दीदार करने देश-विदेश से पर्यटक यहां पहुंचते हैं.यहां से हिमालय की श्रृंखलाएं लोगों को बरबस अपनी ओर आकर्षित करती हैं.अल्मोड़ा जिले में स्थित बिनसर अभ्यारण्य से केदारनाथ, चौखंबा, त्रिशूल, नंदा देवी, नंदा कोट और पंचचूली जैसी राजसी हिमालयी चोटियों के दीदार होते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *