लक्सर: पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में रहने वाले दो साधुओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. दोनों के शव मंदिर के पास जंगल में गड्ढा खोदकर दबाए गए थे. सूचना मिलने पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. प्रथम दृष्टया में मामले में मंदिर के मुख्य पुजारी पर संदेह जताया जा रहा है, जो घटना के बाद से फरार है. पुलिस की कई टीमें पुजारी तक पहुंचने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
कहते हैं कि जुर्म कभी छिपता नहीं, लाख कोशिशों के बाद भी सच सबके सामने आ ही जाता है. कुछ ऐसा ही लक्सर पथरी थाना क्षेत्र से सामने आया है. यहां पथरेश्वर महादेव मंदिर में रहने वाले दो साधुओं की हत्या की खबर से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. वहीं घटना उजागर ना हो इसलिए साधुओं के शवों को गड्ढे में दबा दिया गया था.
जानकारी के अनुसार मंदिर के एक सेवादार ने पुलिस को दो साधुओं के लापता होने और अनहोनी की आशंका की सूचना दी. इसके बाद पथरी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान मंदिर के समीप जंगल में खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए. पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शवों को गड्ढे में दफना दिया गया था.
साधुओं की हत्या कर शव गड्ढा खोदकर दबाए जाने का मामला सामने आया है.जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा. पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है.
-शेखर चंद सुयाल, एसपी देहात-
घटना की सूचना पर एसपी देहात शेखर सुयाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की प्रगति का जायजा लिया. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी पर संदेह जताया गया है. घटना के बाद से वह फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.