हरादून: उत्तराखंड में मानसून कदम रख चुका है. ऐसे में मानसून के आते ही झमाझम बारिश शुरू हो गई है. अगले दो दिन यानी 1 और 2 जुलाई को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. जिसके चलते अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, बारिश के मद्देनजर बागेश्वर जिले में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है.
1 और 2 जुलाई को इन जिलों में भारी बारिश का अनुमान: दरअसल, मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक, 1 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, उधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश हो सकती है. जबकि, पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के आकाशीय बिजली चमकने, तेज बारिश के साथ 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है.
इसी तरह 2 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भारी बारिश की संभावना है. इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना व्यक्त की गई है. लिहाजा, लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है. वहीं, बारिश के मद्देनजर बागेश्वर जिले में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है.
हाई अलर्ट पर राहत एवं बचाव दल: वहीं, मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक सतर्कता एवं एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं. जिसके तहत सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी की जाए. राहत एवं बचाव दलों को हाई अलर्ट पर रखा जाए.