रुद्रपुर में पत्नी की बेवफाई से आहत पति ने दर्ज कराया मुकदमा, कोर्ट के आदेश पर जांच शुरू

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में पति द्वारा पत्नी पर विवाहेतर संबंध, घर से नकदी और जेवर लेकर प्रेमी के साथ चले जाने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोपों का मामला सामने आया है. न्यायालय के आदेश पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच न्यायालय के निर्देशानुसार की जा रही है.

प्रेम प्रसंग के आरोप में पति ने पत्नी समेत चार लोगों पर दर्ज कराया मुकदमा: उधम सिंह नगर जनपद के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में एक वैवाहिक विवाद अब कानूनी लड़ाई का रूप ले चुका है. पति की ओर से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में दाखिल प्रार्थना-पत्र पर सुनवाई के बाद न्यायालय के आदेश पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने पत्नी, उसके कथित प्रेमी और अन्य पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पीड़ित पति का ये है आरोप: प्राप्त जानकारी के अनुसार, भदईपुरा वार्ड नंबर-14 निवासी व्यक्ति ने न्यायालय में दाखिल प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया कि वर्ष 2013 में उसका विवाह रामपुर जनपद निवासी युवती के साथ हुआ था. विवाह के बाद दोनों रुद्रपुर में रहने लगे. प्रार्थी का कहना है कि शुरू से ही उसकी पत्नी का व्यवहार सामान्य नहीं था और वह अक्सर विवाद करती थी. उसने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी महंगी वस्तुओं की मांग करती थी तथा उसकी बात न मानने पर झगड़ा करती थी.

पत्नी के विवाहेतर संबंध का आरोप: प्रार्थना-पत्र में आगे आरोप लगाया गया है कि समय बीतने के साथ पत्नी का एक युवक से संपर्क बढ़ गया. पति के अनुसार, पत्नी देर रात सोशल मीडिया और वीडियो कॉल के माध्यम से उससे बातचीत करती थी. जब उसने इसका विरोध किया तो कथित रूप से उसके साथ अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई. प्रार्थी ने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी के मायके पक्ष ने भी उसका सहयोग करने के बजाय उसके साथ मारपीट की.

पुत्र के जन्म के बाद भी नहीं बदले हालात: पीड़ित ने न्यायालय को बताया कि वर्ष 2020 में उनके पुत्र का जन्म हुआ, लेकिन इसके बाद भी वैवाहिक संबंधों में सुधार नहीं आया. आरोप है कि 25 सितंबर 2025 को जब वह काम के सिलसिले में घर से बाहर गया था, तब उसकी पत्नी घर में रखी लगभग 20 हजार रुपये की नकदी, जेवरात, कपड़े और अपने पुत्र को लेकर कथित प्रेमी के साथ चली गई.

पुलिस ने मुकदमा नहीं लिखा तो कोर्ट की शरण ली: प्रार्थी का कहना है कि उसने तत्काल रुद्रपुर कोतवाली में सूचना दी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई. बाद में उसने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना-पत्र दिया, किंतु कोई कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली. उसने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी, उसका कथित प्रेमी और अन्य लोग लगातार उसे तलाक देने के लिए दबाव बना रहे हैं तथा जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं.

कोर्ट के आदेश के बाद मुकदमा दर्ज: मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि-

न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है. मामले की विवेचना की जा रही है और जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों एवं दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
-प्रकाश सिंह दानू, प्रभारी निरीक्षक, रुद्रपुर कोतवाली-

फिलहाल पुलिस का कहना है कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच जारी है. जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *