खटीमा: प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा दौरे के दौरान ब्लॉक सभागार में स्थानीय पंचायत एवं निकाय जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं के बयानों पर तंज कसा. उन्होंने साल 2022 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के थारू जनजाति की जमीनों के छीनने के बयान पर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कांग्रेस के नेताओं के द्वारा दिए गए बयानों को नई बोतल में पुरानी शराब भरने के समान बताया. कहा कि साल 2022 चुनाव में भी कांग्रेस द्वारा इस तरह के भ्रम को फैलाकर नैरेटिव सेट करने की बात कही थी. सीएम धामी ने कांग्रेस का बयान रूपी सिक्का एक बार ही चलने की बात कही.
गौर हो कि उत्तराखंड में थारू जनजाति समाज के जमीन मामले में कांग्रेस के वार पर सीएम धामी ने पलटवार किया है. मुख्यमंत्री धामी ने एक बार फिर कांग्रेस नेताओं के बयानों को आड़े हाथों लिया है. सीएम धामी ने खटीमा जनप्रतिनिधियों से संवाद के दौरान अपने संबोधन में कहा कि बीते रोज खटीमा में कांग्रेस के एक सम्मेलन में एक बार फिर कांग्रेस ने 2022 का पुराना राग अलापने का काम किया है. खटीमा क्षेत्र में जमीनों को छीनने के विषय को उठा नई बोतल में पुरानी शराब भरने का प्रयास किया है. उन्होंने 2022 चुनाव में भी कांग्रेस द्वारा इस तरह के भ्रम को फैलाकर नैरेटिव सेट करने की बात कही थी.
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा उधम सिंह नगर में एक लाख बांग्लादेश से आए शरणार्थियों को नागरिकता देने जा रही है, 4000 से अधिक सीलिंग की भूमि पर पट्टे दिए गए हैं. फिर किसी की जमीन छीनने का सवाल कहां उठता है. उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से पूछा कि बीते साढ़े चार साल में किसी भी थारू जनजाति की कोई जमीन छीनी है क्या खटीमा में? सीएम धामी ने मंच से सभी को आश्वस्त किया कि उनके रहते खटीमा में किसी के भी हित प्रभावित नहीं होने देंगे. कांग्रेस पार्टी चाहे कितनी भी भ्रम फैलाएं.