नैनीताल जिले में फिर मिली होमस्टे पर भारी अनियमितताएं, प्रशासन का एक्शन तेज

हल्द्वानी: नैनीताल जिले में अवैध और मानकों के विपरीत संचालित होमस्टे पर प्रशासन की कार्रवाई जारी है. जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर चले अभियान में 238 होमस्टे की जांच हुई, जिनमें 35 बिना पंजीकरण और 123 होटल की तर्ज पर संचालित या बंद मिले. इससे पहले भी जिले में 197 होमस्टे की जांच में 169 में अनियमितताएं मिली थी. प्रशासन ने साफ किया है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.

पर्यटन नगरी नैनीताल में होमस्टे की आड़ में होटल संचालन और नियमों की अनदेखी पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी के नेतृत्व में जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया. संयुक्त टीमों ने रामनगर, कालाढूंगी, हल्द्वानी, नैनीताल, कैंची धाम और धारी क्षेत्र में कुल 238 होमस्टे का निरीक्षण किया. जांच में 35 होमस्टे बिना वैध पंजीकरण संचालित पाए गए, जबकि 123 होमस्टे बंद मिले या मानकों के विपरीत होटल की तर्ज पर संचालित होते पाए गए. प्रशासन को कई जगह यह भी मिला कि होमस्टे मालिक खुद वहां नहीं रह रहे थे और इकाइयों को किराए पर देकर व्यावसायिक संचालन किया जा रहा था, जो शासन की होमस्टे योजना के उद्देश्य के खिलाफ है.

तहसीलवार कार्रवाई में नैनीताल क्षेत्र में 91 निरीक्षणों के दौरान 8 अवैध और 39 मानकों के विपरीत होमस्टे मिले. कैंची धाम क्षेत्र में 13 अवैध और 34 अनियमितताएं पाई गई, जबकि धारी क्षेत्र में 4 अवैध और 22 नियम विरुद्ध संचालित मिले. रामनगर और कालाढूंगी क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में अनियमितताएं सामने आईं. प्रशासन ने निरीक्षण के दौरान पार्किंग व्यवस्था, किराया सूची, पर्यटक रिकॉर्ड और अन्य जरूरी मानकों की भी जांच की. इससे पहले मई माह में ही 197 होमस्टे की जांच में 169 में अनियमितताएं मिली थीं. जिला प्रशासन ने सभी संचालकों को तत्काल पंजीकरण कराने और नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं. जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने चेतावनी दी है कि बिना पंजीकरण और मानकों के विपरीत संचालित होमस्टे के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *