भारी बारिश से बदरीनाथ और नीति मलारी हाईवे बंद, लोगों की बढ़ी परेशानी

चमोली: सीमांत जनपद चमोली में बारिश के बाद एक बार फिर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं. बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग समेत नीति-मलारी हाईवे पर चट्टान टूटने से मार्ग बाधित हो गया है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है, लेकिन पहाड़ी से पत्थर गिरने से मार्ग सुचारू करने में परेशानी आ रही है.

बारिश ने बढ़ाई लोगों की दुश्वारियां: लगातार बारिश के बाद पहाड़ों के दरकने से जनजीवन प्रभावित हो गया है. बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग गोविंदघाट के पास पिनोला नामक स्थान पर पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर टूटकर सड़क पर आ गए, जिससे हाईवे पूरी तरह बंद हो गया. मार्ग बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्री मार्ग खुलने का इंतजार करते रहे. नीति-मलारी राष्ट्रीय राजमार्ग भी स्योन-सालधर के पास भूस्खलन के कारण बाधित हो गया है. इन प्रमुख मार्गों के बंद होने से घाटी के कई गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से अस्थायी रूप से कट गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *