रुद्रपुर: जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बाजार चौकी इलाके में बीती देर रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. जानकारी के अनुसार रोडवेज बस स्टेशन के पास गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि राहगीरों को बीच-बचाव करना पड़ा. बाजार चौकी प्रभारी जितेंद्र खत्री ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया और घायलों को अस्पताल भेजा गया. उन्होंने कहा कि छह लोगों को हिरासत में लिया गया है
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर बाजार चौकी ले जाया गया, लेकिन वहां भी स्थिति शांत नहीं हो सकी. बताया जा रहा है कि पुलिस चौकी के भीतर ही दोनों पक्ष फिर से आपस में भिड़ गए और हंगामा करने लगे. इतना ही नहीं, दोनों पक्षों के कुछ लोगों ने पुलिस कर्मियों के साथ भी बदतमीजी की, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया. पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को काबू में किया और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया.
लेकिन हैरानी की बात यह रही कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी दोनों पक्षों के लोग आपस में उलझते नजर आए. अस्पताल परिसर में भी विवाद और झड़प की स्थिति बनी रही, जिसे बाद में पुलिस और अस्पताल स्टाफ की मदद से नियंत्रित किया गया. घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल में कराया गया. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए छह लोगों को हिरासत में लिया है. साथ ही, पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
इस मामले में बाजार चौकी प्रभारी जितेंद्र खत्री ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया और घायलों को अस्पताल भेजा गया. उन्होंने कहा कि छह लोगों को हिरासत में लिया गया है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.हालांकि, इस पूरी घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस चौकी और अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर भी दोनों पक्षों का इस तरह से भिड़ना यह दर्शाता है कि उन्हें कानून का डर नहीं है. ऐसे में यह आशंका भी जताई जा रही है कि कहीं ना कहीं इन लोगों को किसी प्रकार का संरक्षण प्राप्त है, जिससे उनका मनोबल इतना बढ़ा हुआ है.फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.