पौड़ी: पौड़ी शहर के धारा रोड में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक दुकान के अंदर व्यापारी का शव मिला. घटना की जानकारी स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है. वहीं पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है. स्थानीय व्यवसायियों ने घटना पर दुख जताया है.
बताया जा रहा है कि सुबह आसपास के व्यापारियों ने देखा कि एक दुकान खुली हुई है और अंदर दुकानदार अचेत अवस्था में लेटा हुआ है. कई बार आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर तुरंत पौड़ी कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की. कोतवाली पौड़ी के एसएसआई राज विक्रम सिंह के अनुसार मृतक की पहचान विजय आनंद सिंह (लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है. प्राथमिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के चोट या घाव के निशान नहीं मिले हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक वजह सामने आएगी.
घटना के बाद पूरे शहर में अफरातफरी और चर्चा का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस हर पहलू से की जांच कर रही है. धारा रोड स्थित दुकान में व्यापारी विजय आनंद सिंह के मृत पाए जाने की घटना पर स्थानीय व्यापारियों में शोक का माहौल है. व्यापार सभा के अध्यक्ष विनय शर्मा ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि एक व्यापारी का अपनी ही दुकान में इस तरह मृत मिलना चिंताजनक है. उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी व्यापारी सच सामने आने की प्रतीक्षा कर रहे हैं. फिलहाल नगर के सभी दुकानदारों की संवेदनाएं मृतक के परिवार के साथ हैं और व्यापारी समाज इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है. वहीं घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छाया हुआ है.