लक्सर: चार विश्व रिकॉर्ड समेत सात रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करने वाले दिव्यांग दिग्विजय सिंह का राज्य पुरस्कार के लिए चयन हुआ है. तीन दिसंबर यानि कल विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा दिग्विजय सिंह को सम्मानित किया जाएगा.
कई लोगों को मिलता है रोजगार: विश्व दिव्यांग दिवस तीन दिसंबर यानि कल राज्य सरकार द्वारा सम्मानित किए जाने वाले दिव्यांगों की सूची जारी की गई है. जिसमें लक्सर तहसील क्षेत्र के दाबकी कला का निवासी स्वर्गीय जितेंद्र कुमार के पुत्र दिव्यांग खिलाड़ी दिग्विजय सिंह का नाम भी शामिल है. दिग्विजय को यह पुरस्कार स्वरोजगार के क्षेत्र में दिया जाएगा. दिग्विजय अपनी पत्नी के साथ मिलकर स्वयं का व्यवसाय चलाते हैं, जिससे कई व्यक्तियों को रोजगार मिलता है और कई लोग लाभान्वित होते हैं.
राज्य और देश का मान बढ़ाया: उन्हें पहले भी राज्य पुरस्कार दक्ष दिव्यांग खिलाड़ी के रूप में दिया जा चुका है. ग्रैंड मास्टर की उपाधि से अलंकृत दिग्विजय दोनों पैरों से दिव्यांग होने के बाद भी एथलेटिक्स और मोटर स्पोर्ट्स में प्राप्त की गईं उपलब्धियां के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने मोटर स्पोर्ट्स और बाइक राइडिंग में दो इंडिया रिकॉर्ड, एक एशियाई रिकॉर्ड और चार विश्व रिकार्ड समेत कुल सात रिकॉर्ड अपने नाम कर राज्य और देश का मान बढ़ाया हैं.
दिग्विजय सिंह ने कई रिकॉर्ड किए अपने नाम: दिग्विजय के इस उपलब्धि को वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया था. इसके बाद पहले 5-6 मार्च 2022 को मध्य प्रदेश के इंदौर में मालवा मोटर स्पोर्ट्स क्लब (कार रेस) में दिग्विजय सिंह ने 1200 सीसी डीजल कार से 4 मिनट 58 सेकंड में रेस पूरी की थी और प्रथम स्थान हासिल किया था. इस उपलब्धि को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड दर्ज किया गया है.