खटीमा: उत्तराखंड में नशे के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है. इसी कड़ी में उधम सिंह नगर के नानकमत्ता क्षेत्र में एक तस्कर गिरफ्तार हुआ है. जिसके कब्जे 36 लाख रुपए की स्मैक बरामद हुई है. इतना ही नहीं उसके पास से एक तमंचा और नकदी भी मिला है. उधर, दिनेशपुर में भी 40 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार हुए हैं. वहीं, अब तीनों तस्करों को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस को देख झाड़ियों की तरफ भागा तस्कर, पुलिस ने पीछा कर दबोचा: दरअसल, नानकमत्ता पुलिस को रुद्रपुर हाईवे स्थित हरमन सीड्स राइस मिल के सामने गश्त कर रही थी. तभी एक युवक पुलिस की गाड़ी को देख अपनी बाइक मौके पर छोड़कर अचानक झाड़ियों की तरफ भाग निकला. जिस पर पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते उसका पीछा किया. पीछा करने पर उसने भागते-भागते तमंचा निकाल लिया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया.
36 लाख की स्मैक और तमंचा के साथ तस्कर गिरफ्तार: जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से 120.10 ग्राम स्मैक, एक तमंचा और नगदी बरामद हुई. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा बताया. जो कि पचपेड़ा, नानकमत्ता का रहने वाला है. आरोपी के पास से बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 36 लाख रुपए आंकी गई है.