पिथौरागढ़ जिले में भालू के आंतक से खौफजदा लोग, घरों में कैद रहने को मजबूर ग्रामीण

पिथौरागढ़: सीमांत क्षेत्र धारचूला के गांव जयकोट में तीन भालुओं ने एक ग्रामीण पर हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया. युवक हालत गंभीर होने पर घायल ग्रामीण को हेली से रेस्क्यू कर हल्द्वानी एसटीएच पहुंचाया गया, जहां उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है.

जयकोट निवासी नरेंद्र सिंह (35) पुत्र धनपति किसी काम से गांव से पैदल ही रूंग गांव जा रहा था. शुक्रवार को लगभग दोपहर के बाद लंकारी तोक के पास भालुओं ने हमला कर दिया. नरेंद्र के चीखने का शोर सुन सड़क किनारे काम कर रहे मजदूर बचाने पहुंचे, उन्होंने किसी तरह भालुओं को खदेड़ा और नरेंद्र को रूंग के अस्पताल पहुंचाया.

साथ ही मजदूरों ने घायल के परिजनों को सूचना दी. प्राथमिक उपचार के बाद परिजन घायल को धारचूला ले गए, ग्रामीणों के मुताबिक नरेंद्र के सिर, हाथ में गहरी चोटें आई हैं. एसडीएम जितेंद्र वर्मा ने कहा कि परिजनों ने हेली की मांग की थी, जिसके बाद घायल को हेली से हल्द्वानी भेजा गया. जहां पर युवक का उपचार चल रहा है.

गुलदार का महिला पर हमला: पिथौरागढ़ के धारचूला के पौड़ी रेंज में गुलदार के हमलों से लोग दहशत में हैं, यहां पर गुलदार के हमले में एक महिला घायल हो गई. जिसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. लगातार भालू और गुलदार के हमले से ग्रामीणों में भय देखने को मिल रहा है. सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में पहले ही विभिन्न क्षेत्रों में गुलदार के आंतक से लोग परेशान हैं, अब गुलदार के साथ-साथ भालू भी लोगों के लिए मुसीबत का सबब बने हुए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *