देहरादून/पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र में स्थित खूबसूरत हिल स्टेशन मुनस्यारी पहुंचना आसान और सुगम हो गया है. अब सिर्फ 15 मिनट में पिथौरागढ़ से मुनस्यारी पहुंच सकेंगे. इसके लिए आज से पिथौरागढ़–मुनस्यारी हेली सेवा शुरू हो गई. इसके अलावा हल्द्वानी-अल्मोड़ा के लिए भी हेली सेवा का आगाज हो गया है. इन हेली सेवाओं का शुभारंभ सीएम धामी ने वर्चुअली किया.
पिथौरागढ़–मुनस्यारी और हल्द्वानी-अल्मोड़ा हेली सेवा शुरू: दरअसल, 1 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान योजना) के तहत पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ और हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी हवाई सेवाओं का सीएम आवास से वर्चुअली शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन गतिविधियों में इजाफा होगा. साथ ही आपदा प्रबंधन और आपात स्थितियों में यह सेवा जीवन रेखा साबित होगी. स्थानीय लोगों और पर्यटकों को आसान आवाजाही की सुविधा मिलेगी