रुद्रपुर में तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से दो बदमाश घायल – RUDRAPUR SMUGGLER ENCOUNTER – News of Uttarakhand

रुद्रपुर में तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से दो बदमाश घायल – RUDRAPUR SMUGGLER ENCOUNTER

रुद्रपुर: किच्छा कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो गौ तस्करों को गिरफ्तार किया है. मुठभेड़ के बाद घायल तस्करों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है. आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कोतवाली किच्छा और पुलभट्टा थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं. सूचना पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने जिला अस्पताल पहुंच कर अधीनस्थों से जानकारी ली और आरोपियों से भी पूछताछ की गई. आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा.

पुलिस को जंगल में गौकशी करने की सूचना मिली. जिसके बाद पुलिस एक्टिव हो गई और तत्काल मौके पर पहुंची. गौ तस्करों ने घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद किच्छा कोतवाली पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. घटना में दो तस्कर गोली लगने से घायल हो गए. पुलिस मुठभेड़ में आरोपियों के पैर में गोली लगी है. आरोपियों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है. पुलिस के मुताबिक बीते दिन पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि बंगाली कॉलोनी आजाद नगर में दो व्यक्तियों गौकशी की गई है. मामले में टीम द्वारा मौके पर छापेमारी की तो आरोपी मौके से फरार हो गए थे.

कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि वहीं आरोपी पिपलिया मोड़ के पास जंगल में गौकशी की कोशिश कर रहे हैं. सूचना पर तत्काल टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों की घेराबंदी की. अपने को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए. जिसके बाद पुलिस ने घायल आरोपियों को तत्काल हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है. पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम कफिल (उम्र 27 वर्ष), निवासी सद्दाम गोटिया, वार्ड नंबर 19, सिरौली कला, किच्छा और अजीम (उम्र 24 वर्ष), निवासी सिरौली कला, किच्छा बताया. जांच के दौरान टीम को जानकारी मिली कि कफिल अपनी पत्नी को एक उपहार देना चाहता था, लेकिन उसके पास पैसों की कमी थी. इसी कमी को पूरा करने के लिए उसने जल्दी पैसे जुटाने के लिए फिर से गौकशी का रास्ता चुना.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *