विश्व जुनोसिस दिवस पर देहरादून में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन

देहरादून। शुक्रवार को सम्भागीय चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण प्रशिक्षण केन्द्र, 107 चंदर नगर देहरादून में विश्व जुनोसिस दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने की। कार्यक्रम में स्टेट कॉलेज ऑफ नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यशाला के दौरान जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. पीयूष अगस्तीन ने जूनोटिक रोगों यानी पशुजन्य या जानवरों से फैलने वाली बीमारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐसे रोग इंसानों और जानवरों दोनों में फैल सकते हैं और इससे बचाव के लिए उचित सतर्कता जरूरी है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि जूनोटिक रोगों से बचने के लिए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। पालतू जानवरों के संपर्क में आने के बाद हाथों को साबुन से धोना चाहिए। साथ ही, जानवरों के घाव साफ करते समय दस्ताने पहनने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आवारा पशुओं से दूरी बनाए रखें और किसी भी काटने या संपर्क की स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।

इस अवसर पर मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रदीप राणा, आईसीडीएस विभाग से कृष्णा जयारा, शिक्षा विभाग से अवनींद्र बड़थ्वाल, वरिष्ठ पैथोलॉजिस्ट डॉ. जे.पी. नौटियाल, जिला मलेरिया अधिकारी सुभाष जोशी तथा आईडीएसपी टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *