पिथौरागढ़ में अतिवृष्टि से तबाही, धारचूला के तीजम में आई आपदा, इलाके को जोड़ने वाला पुल बहा – DISASTER IN PITHORAGARH – News of Uttarakhand

पिथौरागढ़ में अतिवृष्टि से तबाही, धारचूला के तीजम में आई आपदा, इलाके को जोड़ने वाला पुल बहा – DISASTER IN PITHORAGARH

पिथौरागढ़: जिले के तीजम में अतिवृष्टि ने तबाही मचाई है. तेज बारिश से तीजम में भारी नुकसान हुआ है. ग्रामीणों ने बादल फटने की आशंका जताई है. अतिवृष्टि की घटना मंगलवार देर रात की है. राहत और बचाव कार्यों के लिए प्रशासन की टीमें रवाना हो चुकी हैं. टीमों के इलाके में पहुंचने के बाद ही नुकसान का पता चल सकेगा.

धारचूला के तीजम में अतिवृष्टि: पिथौरागढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश से देर रात्रि धारचूला तहसील के दार्मा वैली के तीजम में अतिवृष्टि हुई है. ग्रामीण बादल फटने की आशंका जता रहे हैं. अतिवृष्टि के कारण आए जल सैलाब में तीजम को जोड़ने वाला लकड़ी का पुल बह गया है. इसी से इलाके में वाहनों की आवाजाही होती थी. अतिवृष्टि के बाद से तीजम में अफरातफरी का माहौल है.

अतिवृष्टि में मोटर पुल बहा: तीजम के ग्रामीण ने खुद वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला है. ग्रामीणों जिला प्रशासन को बादल फटने आशंका जताते हुए मदद के लिए गुहार लगाई है. अतिवृष्टि की ये घटना देर रात 12 बजे होनी बताई जा रही है. पैदल पुल भी बहने की सूचना आ रही है. फिलहाल अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है. तेज बारिश से नदियों का जल स्तर बढ़ गया है. प्रशासन की टीम रेस्क्यू के लिए मौके के लिए रवाना हो चुकी है. प्रशासन के द्वारा मौके पर पहुंचे के बाद ही नुकसान की अधिक जानकारी मिल पायेगी.

पुल बहने से सैकड़ों लोग फंसे: तीजम में पुल बह जाने से नदी के दूसरी ओर सैकड़ों लोगों का संपर्क तहसील मुख्यालय से टूट चुका है. ग्रामीण ने बताया कि पुल बहकर करीब एक किलोमीटर दूर जा चुका है. अब फिलहाल वहां पर पुल बनाने के लिए बेस भी नहीं बचा है. ऐसे में इलाके में बहुत जल्द राहत और बचाव कार्य चलाने की आवश्यकता है. ग्रामीणों ने जरूरत पड़ने पर प्रशासन से हेलीकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू चलाने की गुजारिश की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *