खटीमा: नगर के गोटिया इलाके में कपड़े की दुकान में आग लगने से सारा सामान जलकर राख हो गया. सूचना पाकर मौके पर पहुंचे दमकल विभाग के कर्मियों ने आग पर बमुश्किल काबू पाया. लेकिन दमकल विभाग के कर्मियों के पहुंचने से पहले दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया था. वहीं आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है.
खटीमा के गोटिया मार्केट में शॉर्ट सर्किट होने के कारण एक कपड़े की दुकान में आग लग गई. वहीं देखते ही देखते दुकान का सामान जलकर राख हो गया. आग लगने के स्थान पर संकरी गलियों व जाम की वजह से दमकल की गाड़ियों को पहुंचने में देरी हुई, जिस वजह से दमकल की गाड़ियां समय से नहीं पहुंच सकी और दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया. मौके पर पहुंचे दमकल विभाग के कर्मियों ने आग पर बमुश्किल काबू पाया. वहीं आग लगने से लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ लग गई.
पीड़ित दुकानदार परवेज आलम ने बताया कि वो जुम्मे की नमाज पढ़ने गए थे, इतने में दुकान से चंद कदम की दूरी पर बिजली के झूलते तारों में शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई और कपड़े की दुकान जलकर राख हो गई, जिससे उसे लाखों रुपए का नुकसान हुआ है. वार्ड के सभासद जीशान अहमद ने बताया कि स्थानीय प्रशासन द्वारा कई बार गोटिया इलाके के अतिक्रमण के बारे में अवगत कराया है. लेकिन अतिक्रमण को नहीं हटाया जाता. अगर अतिक्रमण नहीं होता तो अग्निशमन की गाड़ियां समय से पहुंचती और आग पर समय रहते काबू पा लिया जाता. फिलहाल अग्निकांड से दुकान स्वामी को भारी नुकसान हुआ है.