देहरादून में सरेआम छात्रों की गुंडई, फायरिंग करने वाले 2 आरोपी तमंचे के साथ गिरफ्तार – DEHRADUN STUDENT FIRING

देहरादून: प्रेमनगर क्षेत्र में फायरिंग मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को देशी तमंचे के साथ दबोचा लिया है. प्रेमनगर थाना पुलिस ने आरोपियों को कण्डोली से बिदोली की तरफ जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने पुराने विवाद को लेकर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था. अब पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

बता दें कि बीती 25 मार्च को मानस यादव निवासी अलवर (राजस्थान) हाल निवासी पौंधा (देहरादून) ने पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई थी. जिसमें उसने बताया था कि वो प्रेमनगर स्थित लॉ कॉलेज में बीए एलएलबी का छात्र है. वो पौंधा के एक सोसायटी में किराए के फ्लैट में रहता है. बीती 24 मार्च की देर रात को वो अपने दोस्तों के साथ अपने फ्लैट की बालकनी पर खड़ा था.

आरोप है कि इसी दौरान कृष पंवार, सूर्याशं चावला, मनस्वी पंडित, हरिवंश समेत 4-5 अन्य युवक अलग-अलग गाड़ियों में आए. जो उसके फ्लैट के पास गाड़ियों से उतरकर गाली-गलौज करने लगे. साथ ही जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग कर दी. गनीमत रही कि गोली उसे नहीं लगी. इसके अलावा वो लोग फ्लैट के पास खड़ी उसकी गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर मौके से फरार हो गए. पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया.

वहीं, घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रेमनगर थाने पर अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया. गठित टीमों ने घटनास्थल और उसके आसपास आने जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले. जिसके बाद आरोपियों के संबंध में जानकारी निकाली. फिर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी.

इसी कड़ी में घटना में शामिल दो आरोपी मनस्वी फारसी उर्फ शिबू पंडित और हरिवंश मगलूरिया को मुखबिर की सूचना पर कण्डोली से बिदोली की तरफ जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल 1 देशी तमंचा और 1 जिंदा कारतूस बरामद हुआ है. साथ ही घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम की ओर से उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है.

आरोपी हरिवंश मगलूरिया मूल रूप से कठुआ (जम्मू) का रहने वाला है. वर्तमान में लॉ कॉलेज में बीकॉम ऑनर्स द्वितीय वर्ष का छात्र है. इससे पहले मानस यादव का उसके दोस्त कृष पंवार के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. मानस यादव और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की थी. साथ ही उसे और उसके साथियों को जान से मारने की धमकी दी थी.

इसी विवाद के चलते 24 मार्च की देर रात मानस यादव को सबक सिखाने के लिए आरोपी अपने साथी कृष पंवार और अन्य लोगों के साथ अलग-अलग वाहनों से मानस यादव के फ्लैट पर पहुंचे. इस दौरान मानस अपने अन्य साथियों के साथ फ्लैट की बालकनी पर खड़ा था. जिसे देखकर आरोपी ने उस पर फायर कर दिया और सड़क किनारे खडी उसकी काले रंग की स्कॉर्पियो पर फायरिंग के साथ तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया. – मोहन सिंह, प्रेमनगर थाना प्रभारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *