12 दिनों बाद खुला जवाड़ी बाईपास पुल, वाहनों का आवागमन शुरू, लोगों ने ली राहत की सांस – JAWADI BYPASS BRIDGE STARTED

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ हाईवे के जवाड़ी बाईपास पुल से आवाजाही शुरू हो गई है. बीती 11 मार्च को पुल का एप्रोच मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था. जिस कारण राजमार्ग के बाईपास से वाहनों का आवागन बंद हो गया था. एनएच विभाग की रात-दिन की मेहनत के बाद राजमार्ग पर आवाजाही को सुचारू कर दिया गया है. हालांकि अभी इस मार्ग से हल्के वाहनों को ही गुजारा जा रहा है. जबकि भारी वाहनों की आवाजाही में कुछ और समय लग सकता है.

रुद्रप्रयाग नगर की यातायात व्यवस्था के लिए रीढ़ माने जाने वाला जवाड़ी बाईपास पर रविवार से हल्के वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है. बता दें कि बीते 11 मार्च को जवाड़ी बाईपास पुल के समीप पुल से लगे एप्रोच मार्ग निर्माण के दौरान धंस जाने से यहां वाहनों की आवाजाही बंद थी. जिलाधिकारी डॉ. सौरभ गहरवार के निर्देशन में एनएच लोनिवि की ओर से रात-दिन यहां पर कार्य किया जा रहा था. एनएच विभाग ने जहां बाईपास पुल के एक ओर 30 मीटर नया वैली ब्रिज तैयार किया. वहीं दोनों तरफ से एप्रोच को भी तैयार किया जा रहा है. रविवार को ट्रायल के तौर पर हल्के वाहनों की आवाजाही शुरू करा दी गई है.

सीओ प्रबोध घिल्डियाल ने बताया कि केदारनाथ हाईवे के जवाड़ी बाईपास पुल पर हल्के वाहनों की आवाजाही कराई जा रही है. यहां पर सुरक्षा का पूरा ध्यान दिया जा रहा है. बताया कि भारी वाहनों की आवाजाही में अभी कुछ वक्त और लगेगा. पुल से हल्के वाहनों की आवाजाही शुरू होने से काफी राहत मिली है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *