रुद्रपुर: काशीपुर कोतवाली क्षेत्र में 5 जुलाई को एक युवती के लापता होने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने युवती को राजस्थान के अजमेर से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है, जबकि आरोपी मोहम्मद जफर उर्फ आर्यन उर्फ छोटू को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.
पुलिस के अनुसार, युवती के परिजनों ने कोतवाली काशीपुर में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि कुमाऊं कॉलोनी निवासी मोहम्मद जफर उर्फ आर्यन उर्फ छोटू उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवती और आरोपी दोनों बिना मोबाइल फोन के यात्रा कर रहे थे, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करना चुनौतीपूर्ण हो गया.
इसके बावजूद पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी साक्ष्य जुटाए और विभिन्न स्थानों पर लगे 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया. सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस टीम राजस्थान के अजमेर पहुंची, जहां से युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया. वहीं आरोपी मोहम्मद जफर उर्फ आर्यन उर्फ छोटू को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस दोनों को लेकर काशीपुर पहुंची, जहां युवती के बयान न्यायिक प्रक्रिया के तहत दर्ज किए गए. पुलिस ने बताया कि युवती के बयान के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अन्य प्रासंगिक धाराएं भी जोड़ी गई हैं. इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
काशीपुर कोतवाली क्षेत्र से एक युवती की गुमशुदगी दर्ज होने के बाद तत्काल विशेष टीम गठित की गई थी. टीम ने लगातार प्रयास करते हुए युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया. युवती की काउंसिलिंग कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है. वहीं जिस युवक के साथ युवती गई थी, उसे गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
-स्वप्न किशोर सिंह, एसपी काशीपुर-
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है और सभी कानूनी पहलुओं की जांच जारी है. मामले में आगे की कार्रवाई युवती के बयान और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर की जाएगी.