देहरादून: कांग्रेस के नेताओं ने अलग-अलग स्थानों पर भव्य होली मिलन समारोह आयोजित कर लोगों को होली की बधाई दी. कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव संजय कनौजिया ने जहां होली के पर्व में सामाजिक समरसता और प्रेम का संदेश देते हुए सुभाष रोड स्थित एक वेडिंग पॉइंट में कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत शामिल हुए. इस दौरान कांग्रेस नेता एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं और आशीर्वाद भी देते रहे.
रविवार को आयोजित रंगारंग कार्यक्रमों के बीच पूरा वातावरण रंगो फूलों और भाईचारे की भावना से सरोबार रहा. वहीं कांग्रेस नेताओं ने जमकर अबीर गुलाल उड़ाया और एक-दूसरे को रंगोत्सव की बधाई दी. कार्यक्रम में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने होली की देश और प्रदेश वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी है. उन्होंने कहा भगवान वेंकटेश हमेशा इसी तरह का आशीर्वाद देते रहे. उसके बाद हरीश रावत ब्रज की होली खेलने के लिए कैंट विधानसभा में स्थित बल्लीवाला चौक के पास एक विवाह स्थल पर पहुंचे और कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अभिनव थापर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया.
यह कार्यक्रम भी पूरे हर्षोल्लास आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक विविधता के रंगों के साथ संपन्न हुआ. यहां हरीश रावत ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं बल्कि समाज को जोड़ने और दिलों की दूरियां मिटाने का अवसर है. उन्होंने ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने वाला बताया है. इधर धर्मपुर विधानसभा में एक निजी विवाह स्थल पर महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने एक विवाह स्थल पर रंगारंग कार्यक्रम आयोजित कर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है.
ज्योति रौतेला का कहना है कि होली सामाजिक समरसता और प्रेम का पर्व है. सभी समारोहों के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही. कार्यक्रम में शामिल सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को होली का रंग लगाकर शांति, उन्नति और सद्भाव का संदेश दिया. बता दें कि प्रदेश भर में होली की धूम मची हुई है. कांगेस और बीजेपी के नेता होली मिलन कार्यक्रमों में शामिल होकर कार्यकर्ताओं और जनता के साथ होली खेल रहे है. प्रदेश भर में जगह-जगह होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.