रुद्रपुर: किच्छा रोड स्थित दूधिया मंदिर के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब फोन पर सूचना देकर बुलाए गए दुकानदार के परिजनों पर कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया. देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई. घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उधर, मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है.
दूधिया मंदिर के पास दो पक्षों में हिंसक झड़प: जानकारी के मुताबिक, उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर शहर में किच्छा रोड पर स्थित दूधिया मंदिर के पास रविवार रात दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. बताया जा रहा है कि पहाड़गंज निवासी एक दुकानदार को देर रात फोन कर सूचना दी गई कि कुछ युवक उसकी दुकान का चैनल तोड़ रहे हैं.
सूचना मिलते ही दुकानदार के रिश्तेदार मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला. कुछ देर बाद फिर से फोन आया कि युवक दुकान का शटर तोड़ रहे हैं और तुरंत पहुंचने को कहा गया. दूसरी बार सूचना मिलने पर दुकानदार अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा. जहां पहले से मौजूद कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही मिनटों में हालात बेकाबू हो गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं. इस हमले में दोनों पक्षों के कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं.
अस्पताल में चल रहा घायलों का उपचार: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया. जहां पर सभी घायलों का इलाज जारी है. मामले की सूचना रम्पुरा चौकी पुलिस को दे दी गई है, जिस पर अब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
“घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी व्यक्ति शांति व्यवस्था भंग करने का दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.“- उत्तम सिंह नेगी, एसपी सिटी, रुद्रपुर
“पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. फिलहाल, इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रण में रखा गया है.“- उत्तम सिंह नेगी, एसपी सिटी, रुद्रपुर