देहरादून: अंबाला मंडल के हिंडन केबिन यार्ड में ट्रैक के विकास और मरम्मत कार्य के चलते 20 यानि आज और 21 फरवरी को ट्रैफिक ब्लॉक लेने का फैसला किया है. जिसके चलते मुरादाबाद मंडल से संचालित होने वाली सात ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा. इनमें तीन पैसेंजर ट्रेन आंशिक रूप से रद्द रहेंगी, दो एक्सप्रेस ट्रेन 100 मिनट की देरी से चलेंगी और दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस का रूट बदल दिया गया है. ट्रेनों के प्रभावित होने के कारण मुरादाबाद और सहारनपुर रेल मार्ग पर सफर करने वाली यात्रियों को 2 दिन तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि ट्रैक अपग्रेडेशन होने के कारण सात ट्रेनों पर प्रभाव पड़ेगा. साथ ही यात्राओं से अपील की गई है कि वह स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके.
- ट्रेन संख्या 14305 (दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस) 20 फरवरी को परिवर्तित मार्ग सहारनपुर द्वारा संचालित किया जाएगा. परिवर्तित मार्ग संचालन के दौरान गाड़ी का अपने सभी नियमित ठहराव स्टेशनों पर ठहराव रहेगा.
- ट्रेन संख्या 14816(ऋषिकेश-श्रीनगर गंगा एक्सप्रेस) 20 फरवरी को ऋषिकेश स्टेशन से 100 मिनट विलंब से समय 14:25 बजे संचालित की जाएगी.
- ट्रेन संख्या 12053(हरिद्वार-अमृतसर एक्सप्रेस) 20 फरवरी को हरिद्वार स्टेशन से 100 मिनट विलंब से समय 16:25 बजे संचालित किया जाएगा.
- ट्रेन संख्या 54342(देहरादून-सहारनपुर पैसेंज) 20 फरवरी,21 फरवरी और 22 फरवरी को लक्सर स्टेशन तक संचालन किया जाएगा, गाड़ी लक्सर से सहारनपुर के मध्य निरस्त रहेगी.
- ट्रेन संख्या 54341(सहारनपुर-देहरादून पैसेंजर)20 फरवरी,21 फरवरी और 22 फरवरी को लक्सर स्टेशन से देहरादून के लिए संचालित की जाएगी. गाड़ी सहारनपुर से लक्सर के मध्य निरस्त रहेगी.
- ट्रेन संख्या 14305(दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस) 21 फरवरी को 15 मिनट दिल्ली मंडल में नियंत्रित कर संचालित की जाएगी.
- ट्रेन संख्या 19565 (ओखा-देहरादून उत्तरांचल एक्सप्रेस) 20 फरवरी को 20 मिनट दिल्ली मंडल में नियंत्रित कर संचालित किया जाएगा.
बता दें कि हिंडन केबिन यार्ड उत्तर रेलवे के मुरादाबाद-सहारनपुर रेलमार्ग (अंबाला मंडल) पर स्थित एक महत्वपूर्ण रेलवे यार्ड है. यह मुख्य रूप से ट्रेनों के आवागमन, दिशा बदलने, यार्ड में मरम्मत (Maintenance) करने और ट्रेनों के सुचारू संचालन के लिए कार्य करता है.