उत्तरकाशी: गंगोत्री और यमुनोत्री धाम समेत हर्षिल घाटी और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है. वहीं निचले इलाकों में सुबह से लगातार बारिश हो रही है. हर्षिल घाटी में बर्फबारी को देखते हुए बीआरओ ने सुक्की से आगे टायरों में चेन लगे वाहनों को ले जाने की हिदायत दी है. गंगोत्री में दो से तीन और हर्षिल घाटी में एक से दो फीट बर्फ जम चुकी है. सुक्की में भारी बर्फबारी से गंगोत्री हाईवे बंद हो गया. वहीं निचले इलाकों में बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.
उत्तरकाशी जनपद में सुबह से ही ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है. वहीं निचले इलाकों में लगातार बारिश हो रही है. गुरुवार देर शाम से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम समेत हर्षिल में रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है. वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में आई गिरावट से जनजीवन अस्त-व्यस्त है. वहीं गंगोत्री हाईवे पर सुक्की से आगे वाहनों को सुरक्षा के उपायों के साथ आवागमन की हिदायत दी गई है. क्योंकि उस क्षेत्र में पहले ही सड़क पर बर्फ जमा है, जो फिसलन भरी हो सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है.
वहीं डीएम मेहरबान सिंह बिष्ट ने सभी विभागों को अपनी तैयारियों के साथ अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं. वहीं शीतकालीन ट्रैक पर गए ट्रैकर्स को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं. वहीं इस सप्ताह दूसरी बर्फबारी और बारिश से किसानों ने राहत की सांस ली है.उधर यमुनोत्री धाम समेत आसपास गीठ पट्टी के 12 गांवों व सरबडियार ठकराल पट्टी के आखिरी 11 गांवों समेत बड़कोट तहसील मुख्यालय क्षेत्र में नाॅन स्टाॅप बारिश व बर्फबारी जारी है. बारिश और बर्फबारी के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. यमुनोत्री धाम मंदिर समिति के चौकीदार मनपाल रावत ने बताया कि यमुनोत्री धाम में बारिश और बर्फबारी के चलते बर्फ अधिक टिक नहीं पा रही हैं.