उत्तरकाशी: मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में मंगलवार को भीषण अग्निकांड से भारी नुकसान हो गया. आग की चपेट में आने से गांव के करीब 33 लकड़ी के भवन जलकर राख हो गए. रसोई गैस सिलिंडर फटने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. देखते ही देखते आसपास के भवनों को भी अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 4.49 पर तहसील मोरी अंतर्गत पवाणी गांव में अचानक एक भवन में आग लग गई. लकड़ी से बने भवन होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी. इसी दौरान रसोई गैस सिलिंडर फटने से आग ने और विकराल रूप ले लिया. आग की लपटें इतनी तेज थी कि ग्रामीणों को आसपास के भवनों को बचाने का मौका तक नहीं मिल पाया. देखते ही देखते आग ने करीब 33 लकड़ी के भवनों को अपनी चपेट में ले लिया. घटना में 58 परिवार प्रभावित हुए हैं. एक प्राथमिक स्कूल और पंचायत भवन भी नष्ट हो गए हैं.
गांव में आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े. आग की भयावहता को देखते हुए ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए. ग्रामीण बाल्टियों और उपलब्ध संसाधनों के सहारे आग पर काबू पाने में जुटे रहे. साथ ही आग को अन्य भवनों तक फैलने से रोकने के प्रयास भी किए गए. एसडीआरअएफ, स्थानीय पुलिस और आम जनता के सहयोग से रात करीब 9.15 बजे आग पर काबू पाया गया.
लकड़ी के भवनों में आग तेजी से फैलने के कारण ग्रामीणों को भारी मशक्कत करनी पड़ी. इस अग्निकांड में प्रभावित परिवारों के सामने रहने और घरेलू सामान की व्यवस्था का संकट खड़ा हो गया है. आग से भवनों के साथ उनमें रखा सामान भी जलकर नष्ट होने की आशंका है. किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है. हालांकि, आग बुझाते समय एक ग्रामीण गंगा सिंह (ओसला गांव) को चोट आई है.
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है. अग्निकांड में हुए नुकसान और घटना के कारणों का विस्तृत आकलन प्रशासनिक स्तर पर किया जाना बाकी है.
तहसीलदार सरदार सिंह चौहान ने बताया कि सूचना प्राप्त होते संबंधित टीमों को तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना किया गया. राजस्व विभाग की टीम भी मौके के लिए रवाना किया गया. टीम से स्थिति की जानकारी लेने के साथ ही नुकसान का आकलन कराया जाएगा. प्रशासन प्रभावित परिवारों के लिए खाद्य सामग्री व अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था कर रहा है. अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के लिए राहत शिविर की व्यवस्था की जा रही है. इसके अतिरिक्त प्रभावित परिवारों के लिए शेल्टर निर्माण के लिए SJVNL नैटवाड को CSR मद से सहयोग उपलब्ध कराने को कहा गया है.
सीएम धामी ने जताया दुख: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद उत्तरकाशी की मोरी तहसील के ग्राम पवाणी में भीषण अग्निकांड की घटना में कई आवासीय भवनों के जलकर नष्ट होने पर गहरा दुःख व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य एवं अग्निशमन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करने तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए.