जिला अस्पताल हत्याकांड: 12 घंटे के भीतर पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अब तक 3 आरोपी दबोचे गए – News of Uttarakhand

जिला अस्पताल हत्याकांड: 12 घंटे के भीतर पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अब तक 3 आरोपी दबोचे गए

रुद्रपुर: जिला अस्पताल परिसर में इमरजेंसी वार्ड के बाहर हुए खूनी संघर्ष और युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर यह कार्रवाई की. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या तीन हो गई है.

13 नवंबर 2026 की सुबह जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच मोबाइल कारोबार की प्रतिस्पर्धा को लेकर विवाद हो गया था. देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया. इस दौरान दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए. घटना में कुछ लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए रुद्रपुर जिला अस्पताल लाया गया था.

बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर विवाद शुरू हो गया. इमरजेंसी वार्ड के बाहर देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए. इसी दौरान हमलावरों ने नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से वार कर दिया. गंभीर रूप से घायल नितेश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. अस्पताल परिसर में हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया था. घटना के दौरान अस्पताल में मौजूद पीआरडी जवान भी घायल हुए, जिनका उपचार चल रहा है.

मामले में मृतक के परिजन दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में मुकदमा पंजीकृत किया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए. पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आरएफएसएल और फील्ड यूनिट की मदद से वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई, मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए. इसके अलावा अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए. सीसीटीवी फुटेज में वारदात के दौरान छह से सात लोगों की मौजूदगी सामने आने की बात भी पुलिस ने कही है.

पुलिस ने सबसे पहले आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया. वहीं मुख्य आरोपी विकास कुमार की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं. जांच में जानकारी मिली कि विकास कुमार बरेली के भोजीपुरा की ओर फरार होने की फिराक में था. पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया और देर रात थाना पुलभट्टा क्षेत्र में लेकर आ रही थी. इसी दौरान आरोपी ने एक सब इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीनकर भागने का प्रयास किया. पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें विकास कुमार के पैर में गोली लग गई. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
-अजय गणपति, एसएसपी-

पुलिस ने अब तक विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार, आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार और विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय रामावतार, तीनों निवासी जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर को गिरफ्तार किया है. एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलभट्टा थाना पुलिस, दिनेशपुर थाना पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में जुटाए गए साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *