भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र आज से होगा शुरू, अनुपूरक बजट होगा पेश, हंगामेदार होने के आसार – News of Uttarakhand

भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र आज से होगा शुरू, अनुपूरक बजट होगा पेश, हंगामेदार होने के आसार

उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में आज मंगलवार 27 अक्टूबर 2026 से उत्तराखंड विधानसभा का दो दिवसीय सत्र शुरू हो रहा है. यह सत्र 27 और 28 अक्टूबर 2026 को दो दिन तक चलेगा. इस सत्र में सरकार द्वारा 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा. इसके प्रस्ताव को कैबिनेट पहले ही मंजूरी दे चुकी है. सत्र के पहले ही दिन मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस, प्रदेश प्रधान संगठन और स्थानीय पार्टी उत्तराखंड क्रांति दल ने सरकार के खिलाफ विधानसभा घेराव का ऐलान किया है. विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. क्षेत्र में करीब 1500 पुलिस और सुरक्षा जवान तैनात किए गए हैं. लोहे के गेट और कंटीले तारों की बैरिकेडिंग लगाई गई है. विपक्ष द्वारा 445 सवाल मंत्रियों से पूछने के लिए लिस्ट किए गए हैं. इसके साथ ही सदन में कई अध्यादेश भी पेश किए जाएंगे. विधानसभा सत्र के पहले दिन की कार्यवाही में छठे राज्य वित्त आयोग की रिपोर्ट भी शामिल है. विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले सीएम और विधानसभा अध्यक्ष ने मुलाकात की.

गैरसैंण को जिला बनाने की मांग

दो दिवसीय विधानसभा सत्र से ठीक पहले गैरसैंण क्षेत्र में सियासी पारा चढ़ गया है. एक ओर जहां क्षेत्रीय जनता, जनप्रतिनिधियों व उत्तराखंड राज्य आन्दोलनकारियों ने सरकार से गैरसैंण को जिला घोषित करने की मांग की है, तो वहीं दूसरी ओर मात्र दो दिवसीय इस सत्र को लेकर सरकार को आड़े हाथों भी लिया है. क्षेत्रवासियों का कहना है कि सत्र के नाम पर पहाड़ की भावनाओं के साथ लगातार छलावा किया जा रहा है. स्थानीय निवासियों ने गैरसैंण में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग भी की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *