देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में भाजपा पार्षद के घर हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दिल्ली में सक्रिय नेपाली मूल के गैंग के एक सदस्य दिनेश सुनार को वारदात में इस्तेमाल सफेद अर्टिगा कार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 27,500 रुपये की चोरी की नकदी और दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक गैंग के सदस्य घरों में काम करने के बहाने पहले रैकी करते थे और मौका मिलने पर वारदात को अंजाम देते थे। बसंत विहार निवासी महिपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि दिल्ली की एक कंपनी के माध्यम से उनके घर काम करने आया भरत थापा अपने साथियों के साथ मिला और आरोपियों ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार को बेहोश कर दिया, जिसके बाद घर से जेवर और नकदी चोरी कर ली गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज से भरत थापा समेत पांच लोगों के शामिल होने और हरियाणा नंबर की कार इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आई। पूछताछ में दिनेश ने बताया कि वह नेपाल का रहने वाला है और दिल्ली में टैक्सी चलाता है तथा वारदात के दौरान अपने साथियों को कार से घटनास्थल तक पहुंचाने और वापस ले जाने का काम करता था। पुलिस के अनुसार घटना के बाद उसे 50 हजार रुपये दिए गए थे। अब पुलिस भरत थापा, आदित्य, अभिषेक और एलेक्स की तलाश में दबिश दे रही है।
बाइट शेखर चंद्र सुयाल SP सिटी देहरादून