उत्तराखंड में पिता का तर्पण करने आया तमिलनाडु का व्यक्ति नदी में बहा, घंटों बाद भी कोई सुराग नहीं

चमोली: उत्तराखंड चारधाम में से एक बदरीनाथ धाम में अपने दिवंगत पिता का तर्पण करने पहुंचा तमिलनाडु के यात्री दल के एक सदस्य नंदप्रयाग में अलकनंदा नदी की तेज धारा में बए गए. व्यक्ति की पहचान 40 वर्षीय गुरु प्रसाद के रूप में हुई है. तर्पण के बाद व्यक्ति अपनी माता के लिए नदी में जल लेने गए अलकनंदा नदी के तट पर गए थे. तभी पैर फिसलने से वह नदी में गिर गए और तेज धारा की चपेट में आने से बह गए. पुलिस और एसडीआरएफ नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है.

नंदप्रयाग पुलिस के मुताबिक, तमिलनाडु निवासी गुरु प्रसाद पुत्र वेंकट रमन, निवासी 54/ सरोजनी ईस्ट, रामनगर, अपनी माता के साथ दल में शामिल होकर बदरीनाथ धाम की यात्रा पर निकले थे. करीब एक वर्ष पहले उनके पिता का निधन हुआ था. इसी के चलते वह बदरीनाथ धाम में अपने दिवंगत पिता का तर्पण करने जा रहे थे.

बताया गया कि यात्रा के दौरान पांच प्रयागों में शामिल नंदाकिनी और अलकनंदा नदी के संगम नंदप्रयाग में गुरु प्रसाद ने अपने पिता का तर्पण किया. इसके बाद वह अपनी माता के लिए जल लेने नदी किनारे पहुंचे. इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह अलकनंदा नदी के तेज बहाव में जा गिरे. देखते ही देखते वह नदी में बह गए.

अन्य यात्रियों और स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना 112 के माध्यम से पुलिस को दी. सूचना मिलते ही नंदप्रयाग चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नदी किनारे और आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन शुरू की. पुलिस और राहत टीमों की ओर से नदी के संभावित क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है. हालांकि, देर शाम तक गुरु प्रसाद का कोई पता नहीं चल पाया था.

तमिलनाडु के लभगग 60 श्रद्धालुओं का दल बदरीनाथ आया है. आज 30 सितंबर दोपहर 2 से 2:30 बजे के बीच गुरु प्रसाद नाम का व्यक्ति नंदप्रयाग में नंदाकिनी और अलकनंदा नदी के संगम पर अपने दिवंगत पिता का तर्पण करने के बाद जल लेने नदी किनारे गया था. तभी पैर फिसलने से व्यक्ति नदी में बह गया. घटना के बाद से लगातार पुलिस सर्च अभियान चला रही है.
-संपूर्णानंद जुयाल, चौकी इंचार्ज, नंदप्रयाग-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *