सरकार की कैबिनेट बैठक चार अक्तूबर को पहली बार चंपावत जिले के बनबसा में होगी। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। यह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा है। दूसरी ओर, विधानसभा सत्र 22 से 24 अक्तूबर के बीच गैरसैंण में कराने की तैयारी भी शुरू हो गई है।
2010 में निशंक सरकार ने गंगा प्रदूषण के खिलाफ अभियान के दौरान हरिद्वार में हर की पौड़ी पर कैबिनेट बैठक की थी। इसके बाद 2012 में विजय बहुगुणा सरकार ने गैरसैंण, चमोली में कैबिनेट बैठक की। हरीश रावत की सरकार ने देहरादून से बाहर हरिद्वार, अल्मोड़ा और केदारनाथ में कैबिनेट बैठकों का आयोजन किया था।
26 अक्तूबर से पहले होना है विधानसभा सत्र
उत्तराखंड का विधानसभा सत्र 26 अक्तूबर से पहले होना है। सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा सत्र सरकार गैरसैंण में कराने जा रही है। इसके लिए कैबिनेट ने मुख्यमंत्री धामी को अधिकृत किया हुआ है, जिनका निर्णय आना बाकी है। चुनावी वर्ष होने के नाते भी सरकार, गैरसैंण सत्र से विशेषकर पर्वतीय जिलों के मतदाताओं को साधने का प्रयास करेगी। संभावित तौर पर सत्र 22 से 24 अक्तूबर के बीच होगा।